मजहबी आधार पर देश के विभाजन की आधारशिला रखना चाहता है इंडी गठबंधन – योगी

UP Special News

लखनऊ/जनमत। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की जनता को कांग्रेस के घोषणा पत्र के प्रति एक बार फिर आगाह किया है। उन्होंने कांग्रेस के मेनिफेस्टो को भारत जैसे दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के लिए घातक बताया है। सीएम योगी शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर मीडिया के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शुरू से ही विकास, सुरक्षा और सुशासन के मुद्दे के साथ चुनाव में उतरी थी। पहले चरण का मतदान इन्हीं मुद्दों पर हुआ, मगर पहले चरण से ठीक पहले इंडी गठबंधन के सबसे महत्वपूर्ण घटक कांग्रेस के घोषणापत्र ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींचा है। कांग्रेस अपने मेनिफेस्टो में देश के तालिबानीकरण से लेकर जनता की संपत्ति और पर्सनल लॉ जैसे मुद्दों को समर्थन देकर मजहबी आधार पर देश के विभाजन की आधारशिला रखना चाहती है। भाजपा हर हाल में इसका पुरजोर विरोध करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के सलाहकार सैम पित्रोदा का वक्तव्य सबने पढ़ा है। यूपीए सरकार के दौरान रंगनाथ मिश्रा कमेटी और सच्चर कमेटी की रिपोर्ट कांग्रेस लेकर आई थी। इसके अलावा कर्नाटक में कांग्रेस नेतृत्व की सरकार ने पिछड़े वर्ग के आरक्षण में जबरदस्ती मुस्लिमों को डालकर ओबीसी के अधिकार का बंदरबांट कर रही है। विरासत टैक्स, संपत्ति का एक्स-रे कराने की बात, संपत्ति को कब्जे में लेने की बात करके ये लोग मजहबी आधार पर देश के विभाजन की आधारशिला रखना चाहते हैं। इसके साथ ही विरासत की संपत्ति का आधा हिस्सा ले लेने और पर्सनल लॉ जैसे कानून को फिर से लागू करने की बात ये लोग कर रहे हैं। इस देश का विभाजन इन्हीं कारणों से हुआ था। अगर कोई राजनीतिक दल ऐसा करने की कोशिश करेगा तो उसका विरोध हर हाल में होगा।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश में मोदी जी के कार्यों को लेकर उमंग और सकारात्मक माहौल है। उनके कार्यों को जनता का आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है। पूरे देश में फिर एक बार मोदी सरकार के संकल्प को पूरा करने में मदद मिल रही है। देश कार्यों को देखना चाहता है और मोदी जी ने 10 साल में देश को नई दिशा दी है। उनका कार्यकाल स्वतंत्र भारत के इतिहास का स्वर्णिम युग है। हर सेक्टर में विकास हुआ है। दुनिया में भारत नई धमक के साथ तेजी से बढ़ती हुई अर्थव्यवस्था बन चुका है। उसका लाभ बीजेपी को मिलेगा। 4 जून को प्रचंड बहुमत के साथ भाजपा फिर एक बार सत्ता में आएगी।

Published by – Manoj Kumar