11 वर्षीय बच्चे को कुत्तों के झुंड ने नोच कर मार डाला

UP Special News

महराजगंज (जनमत):- महराजगंज जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शहर के नेहरु नगर वार्ड निवासी 11 वर्षीय बच्चे को कुत्तों के झुंड ने नोच कर मार डाला। मंगलवार सुबह शास्त्री नगर मोहल्ले के पंडित दीन दयाल इंटर कॉलेज से पहले खाली मैदान में उसके शव को कुछ लोगों ने देखा।घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच इसकी जानकारी किसी ने पुलिस को दी।

पुलिस भी बच्चे के शव को देखकर दंग रह गई। क्योंकि, बालक के शव को कुत्तों ने नोच लिया था।जानकारी के मुताबिक, शहर के नेहरु नगर वार्ड निवासी मुन्ना शर्मा का बेटा आदर्श उर्फ झुम्मन (11) मानसिक रुप में कमजोर था। हर रोज शहर में पैदल ही इधर उधर घुमता फिरता रहता था। फिर देर शाम तक कभी वापस घर लौट आता जाता था। नहीं तो जान पहचान वाले लोग उसे घर पहुंचा देते थे।

इसी बीच सोमवार की दोपहर में भी घर से निकला था, लेकिन पूरी रात घर लौट कर नहीं आया। सुबह टहलने निकले लोगों ने आदर्श का शव शास्त्री नगर मोहल्ले के पंडित दीन दयाल इंटर कॉलेज से पहले खाली मैदान में देखा। आदर्श के पूरे शरीर को कुत्तों के झुंड ने नोच लिया था। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे परिजनों में कोहराम मच गया।

Reported By:- Naveen Mishra

Posted By:- Amitabh Chaubey