ब्रजेश पाठक ने अरविंद राजभर को नीचे बैठाकर सिर झुकवाया, भाजपा कार्यकर्ता से मंगवाई माफी

UP Special News

मऊ (जनमत ) :- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले की घोसी लोकसभा सीट से सुभासपा उम्‍मीदवार अ‍रविंद राजभर को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने को उपमुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक को आगे आना पड़ा। मऊ दौरे पर पहुंचे ब्रजेश पाठक ने भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने अरविंद राजभर को सिर झुकवाकर नीचे बैठाकर माफी मंगवाई। इसका विडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो में अरविंद राजभर कार्यकर्ताओं के सामने हाथ जोड़ सिर झुकाकर बैठे दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ताओं और अरविंद राजभर के बीच सुलह हुई।

सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसमें ब्रजेश पाठक अरविंद राजभर से कहते दिख रहे हैं, ‘आधा झुको। फिर मुंह भी नीचे झुकाओ।’ उनके आदेश का पालन करते हुए अरविंद राजभर ऐसा ही करते हैं और वहां मौजूद लोगों का आशीर्वाद लेते हैं। इसके बाद उप मुख्‍यमंत्री ब्रजेश पाठक कार्यकर्ताओं से पूछते हैं कि अब ठीक है न? इस पर सभी ने ‘हां’ में जवाब दिया। इस दौरान सभी प्रसन्‍न दिखे और ‘जय श्रीराम’ के नारे भी लगाए।

हलांकि, इस वीडियो के वायरल होने के बाद तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। अखिलेश यादव ने इसे राजभर समाज का अपमान बताया है। उन्होंने ट्वीट कर भाजपा से इस कृत्य के लिए माफी मांगने को कहा है। बता दें कि घोसी सीट से भाजपा ने गठबंधन के तहत सुभासपा अध्‍यक्ष ओम प्रकाश राजभर के बेटे अरविंद राजभर को उम्‍मीदवार बनाया है। लगातार यह खबर आ रही थी अरविंद राजभर के रवैये से भाजपा कार्यकर्ता नाराज हैं। इसकी जानकारी होने पर उप मुख्‍यमंत्री ने मऊ में आयोजित कार्यकर्ता सम्‍मेलन में अरविंद राजभर को भाजपा कार्यकर्ताओं के सामने सिर झुकवाकर माफी मंगवाई।

PUBLISHED BY – GAURAV UPADHYAY