मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने महगावां-खेता सराय रेलखंड पर नवनिर्मित कार्यों का लिया जायज़ा

UP Special News

लखनऊ (जनमत):- यात्री सुविधा एवं यात्री यातायात के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ अपनी  भूमिका का निर्वहन करते हुए उत्तर रेलवे का लखनऊ मंडल निरंतर इस क्षेत्र में नवीन उपलब्धियों हेतु अग्रसर रहता है | उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा यात्रियों को समय से पहुंचाने और ट्रेनों को समय पर चलाने के लिए निर्बाध गति से दोहरीकरण का कार्य किया जा रहा है।

इसी क्रम में लखनऊ मंडल द्वारा एक उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की गई | मंडल के महगावां-खेता सराय रेलखंड पर नवनिर्मित लगभग 18.42 किमी. रेलपथ के दोहरीकरण के संपन्न हुए कार्य का मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त,नई दिल्ली शैलेश कुमार पाठक द्वारा निरीक्षण किया गया | विदित हो कि यह रेलपथ अकबरपुर से जौनपुर रेल खंड पर चल रहे दोहरीकरण के अंतर्गत किया जा रहा है |

स्वीकृति के पश्चात महगावां-खेता सराय रेलखंड के मध्य नवनिर्मित रेलखंड पर परिचालन प्रारम्भ हो जायेगा | अपने निरीक्षण के दौरान मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त,नई दिल्ली शैलेश कुमार पाठक द्वारा संरक्षा के सम्पूर्ण मानकों , संसाधनों, उपकरणों, रेलपथ सहित अन्य समस्त आवश्यक प्रक्रियाओं का ट्राली द्वारा महगावां-खेता सराय के मध्य निरीक्षण किया गया एवं इसके अतिरिक्त मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त,नई दिल्ली शैलेश कुमार पाठक द्वारा महगावां-खेता सराय के मध्य रेलवे ट्रैक की संरक्षा, सुरक्षा को जांचते हुए स्पीड ट्रायल किया साथ ही यात्री हितों के सम्बंध में सुझाव एवं निर्देश भी पारित किये |

इस रेलखण्ड  के दोहरीकरण के उपरान्त रेल परिचालन और अधिक सुगम तथा सुविधाजनक हो जाएगा | इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, सुरेश कुमार सपरा ने अवगत कराया कि इस नवीन दोहरीकृत रेल मार्ग से यात्रियों एवं माल ढुलाई का आवागमन और अधिक सुगम तथा सुविधाजनक हो जाएगा| उक्त जानकारी रेखा शर्मा(वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे,लखनऊ) के द्वारा प्राप्त हुई|

Posted By:- Amitabh Chaubey