महाराष्ट्र और हरियाणा में 21 अक्टूबर को एक चरण में होगा चुनाव ….

देश – विदेश

देश /विदेश (जनमत) :- महाराष्ट्र और हरियाणा में भारतीय चुनाव आयोग ने विधानसभा चुनावों की तारीख का एलान कर दिया है। दोनों राज्यों में चुनाव की तारीख तय होने के साथ ही इन राज्यों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि दोनों राज्यों में 21 अक्तूबर को चुनाव होंगे और 24 अक्तूबर को नतीजे आएंगे। साल 2014 में हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इतिहास बनाते हुए पहली बार अपने दम पर सरकार बनाई थी। राज्य की कुल 90 विधानसभा सीटों में भाजपा ने 47 सीटों पर जीत हासिल की थी।

इसी के साथ ही  कांग्रेस को 15, इंडियन नेशनल लोकदल को 19 सीटें मिली थीं। इसके अलावा अन्य व निर्दलीयों ने नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी। हरियाणा में पिछले विधानसभा चुनाव की बात करें तो भाजपा की सफलता का सबसे बड़ा कारण बिखरा विपक्ष था। कांग्रेस में चल रही गुटबाजी और इनेलो के बिखराव ने भाजपा की जीत तय करने में अहम भूमिका निभाई थी। राजनीति के विशेषज्ञ कहते हैं कि इससे जाट मतदाताओं का एक बड़ा हिस्सा भाजपा के पास आया। वहीँ दूसरी तरफ   288 विधानसभा सीटों वाले महाराष्ट्र में साल 2014 का चुनाव भाजपा और शिवसेना ने अलग-अलग लड़ा था। चुनाव के बाद भाजपा-शिवसेना की सरकार बनी थी। इस बार दोनों पार्टियां मिलकर चुनाव लड़ेंगी। वहीं, इस बार विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और एनसीपी मिलकर भाजपा-शिवसेना गठबंधन से मुकाबला करने के लिए तैयार हैं। 124 सीटों पर जीत हासिल करने के साथ भाजपा राज्य में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी थी। अब देखना है कि इस चुनाव में जनता किस पाले में जाती है और कौन से पार्टी सत्ता में वापसी करती है और कौन सत्ता का स्वाद चखने से चूक जाता है.