तेंदुए ने हिरन को नोचकर मार डाला, …लोगों में दहशत का माहौल

UP Special News

महराजगंज (जनमत):- निचलौल शहर के चमनगंज नहर पुल के पास जंगल और झुलनीपुर नहर मार्ग के बीच खाली जमीन पर एक तेंदुए ने चीतल प्रजाति के हिरन को नोचकर मार डाला। हैरानी की बात यह है कि हिरन शहर की तरफ निकला था। उसके पीछे-पीछे तेंदुए भी शहर के करीब आ पहुंचा। जहां पर तेंदुए ने हिरन पर हमला करके उसे मौत के घाट उतार दिया।

सुबह भैंस चरवाहों ने खाली जमीन में चीतल प्रजाति के हिरन को मृत अवस्था में देखा। जिसकी जानकारी भैंस चरवाहों ने आस पास के लोगों को दी। कुछ देर बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच मौके पर पहुंची वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के सदस्य और वन कर्मियों की टीम ने हिरन के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई में जुट गई। इस घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

निचलौल वन क्षेत्राधिकारी सुनील राव ने कहा कि मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल वन विभाग के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंचे विभाग के कर्मी ने हिरण के शव को अपने कब्जे में ले लिया। घटना स्थल की जांच पड़ताल करने से पता चला कि चीतल प्रजाति का नर हिरन जंगल से निकल शहर की ओर जा रहा था। इसी बीच जंगल से ही हिरन के पीछे लगे तेंदुए ने आबादी के निकट आकर हिरन पर हमला बोल दी। जहां पर हिरन तेंदुए की चंगुल से बचने के लिए काफी कोशिश की है। लेकिन हिरन खूंखार तेंदुए के चंगुल से नही बच सका। फिर तेंदुए ने हिरन को नोचकर मार डाला। तेंदुए ने हिरन को मारने के बाद लगभग शरीर के आधे हिस्से को खा लिया था।

इन्होंने कहा कि हिरन के शव को कब्जे में लेकर पशु डॉक्टर दिलीप पटेल द्वारा पोस्टमार्टम कराया गया। फिर हिरन के शव को जंगल में दफना दिया गया। इस दौरान वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट ऑफ इंडिया के सदस्य भी मौजूद रहे। वही आस पास के लोगों से जंगली जानवरों से सुरक्षित रहने के लिए जागरूक किया गया।

Reported By:- Naveen Mishra 

Posted By:- Amitabh Chaubey