जल, थल और वायु में सेना के जवानों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब

Exclusive News UP Special News

लखनऊ(जनमत):- योगी सरकार में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ अब एक और एतिहासिक  पल का गवाह बन चुका है। मौका है डिफेंस एक्सपो के 11 वें संस्करण के लखनऊ में  शुभारम्भ का। वृंदावन सेक्टर 15  में  2  सौ  एकड़  से ज्यादा वाले विशालकाय  मैदान में हो रहे डिफेंस एक्सपो का 5 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा शुभारम्भ किया गया है और यह 9 फरवरी तक सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलता रहेगा। इस दौरान देश के जवान जल, थल और वायु में अपना करतब दिखाएंगे।

इस मौके पीएम मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत तमाम देश और प्रदेश के तमाम उच्च स्तर के अधिकारी और मंत्री मौजूद रहे। अपनी तरह के इस अनूठे मेगा आयोजन में देश और विदेश की तमाम रक्षा क्षेत्र से जुडी कंपनियां अपने हथियारों के साथ प्रदर्शनी में हिस्सा ले रही है। रक्षा क्षेत्र में निवेश बढ़ाने के लिए  यह एशिया का सबसे बड़ा आयोजन है और इससे दुनिया भारत की बढ़ती सैन्य सामरिक शक्ति और शौर्य देखेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा डिफेंस एक्सपो का शुभारम्भ करने के बाद अपने भाषण में भारत की बढ़ती सैन्य क्षमता का जिक्र किया गया और उसके बाद यहाँ लगी प्रदर्शनी यूपी और इण्डिया पवेलियन का भी उन्होंने अवलोकन किया। हालांकि पीएम मोदी के इस कार्यक्रम के दौरान आम मीडिया को इस कवरेज से दूर ही रक्खा गया था। कार्यक्रम के शुभारम्भ और प्रदर्शनी का अवलोकन करने के बाद पीएम मोदी उस मंच तक गए जो ख़ास तौर से इन्ही के लिए बनाया गया था। इसी मंच से प्रधानमंत्री के सामने देश के जवानो ने जमीन से लेकर आकाश तक ऐसे हैरतअंगेज करतब दिखाए जिसे देखकर मंचासीन हर आमो खास रोमांचित हो गया। कार्यक्रम से पहले सैन्य आयुधो की प्रदर्शनी चाहे हो ब्रह्मोस मिसाइल हो या शक्ति मिसाइल या फिर मिग विमान 21, अत्याधुनिक ड्रोन, टैंक समेत तमाम अत्याधुनिक हथियार डिफेंस एक्सपो के आकर्षण का केंद्र बने हुए थे।

ये है खास

150 से अधिक विदेशी कंपनियों समेत 1 हजार कंपनियों के हथियार रहेंगे मौजूद|

होगा इण्डिया – अफ्रीका डिफेंस मिनिस्टर कॉन्क्लेव, इसमें 15 अफ़्रीकी देशो के रक्षा मंत्री होंगे शामिल|

87 एमओयू साइन होने के साथ होंगी कुछ अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं|

तकरीबन एक हजार एक्जीबिटर ले रहे है इसमें हिस्सा|

39 मंत्री दूसरे देशो के रहेंगे मौजूद, 20 सेमिनार भी होगा|

8 और 9 फरवरी को आम जनता के लिए खुला रहेगा डिफेंस एक्सपो, आने वाले आगुन्तको के पास पहचान पत्र होना अनिवार्य |

Posted By:- Amitabh Chaubey