नितिन गडकरी ने दिया देश को इंफ्रास्ट्रक्चर का नया मॉडल: सीएम योगी

UP Special News

नागपुर/लखनऊ (जनमत):- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नितिन गडकरी ने देश में इंफ्रास्ट्रक्चर का नया मॉडल दिया है। राजनीति के अजातशत्रु नितिन गडकरी के मुंह पर ना शब्द नहीं है। कोई भी किसी काम के लिए गया तो गडकरी जी ने कभी मना ही नहीं किया। अयोध्या, मथुरा, काशी, प्रयागराज, लखनऊ में जितना पैसा मांगा गया, गडकरी जी ने दिया। दिल्ली से मुंबई के बीच में आठ लेन के हाइवे का सपना साकार हुआ है। नितिन गडकरी के बारे में कोई भी नकारात्मक टिप्पणी नहीं करता है। सौभाग्य है कि आपको नितिन गडकरी के रूप में सांसद चुनने का अवसर प्राप्त होता है। नितिन गडकरी की पहचान देश के इंफ्रास्ट्रक्चर मंत्री के रूप में है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय मंत्री व नागपुर से भाजपा प्रत्याशी नितिन गडकरी के लिए सोमवार को जनसभा की। सीएम योगी ने नितिन गडकरी को पांच लाख से अधिक वोटों से जिताने की अपील की। नागपुर से प्रत्याशी बबिता अवस्थी ने योगी आदित्यनाथ के समक्ष नितिन गडकरी को अपना समर्थन दे दिया।

सीएम योगी ने कहा कि मैं मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम की पावन धरा यूपी से आया हूं। महाराष्ट्र में जहां भी गया, एक ही आवाज थी- जो राम को लाएंगे, हम उनको लाएंगे। हमारे यहां एक गाना बजता था- होली खेले रघुवीरा अवध में, लेकिन 500 वर्षों तक रामलला ने अयोध्या में होली नहीं खेली। यह सौभाग्य इस बार आया है, जब रामलला ने अयोध्या में होली खेली है। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम दूरदर्शन, टेलीविजन व स्मार्टफोन में लाइव आपने देखा होगा। यह अवसर कांग्रेस या अन्य दल नहीं दे पाते। यह कार्य इसलिए हो पाया, क्योंकि मोदी जी के नेतृत्व में राष्ट्रवादी व देश के बारे में सोचने वाली सरकार है। आपकी भावनाओं को सोचने वाली सरकार है।

सीएम योगी ने कहा कि नागपुर में नीचे सड़क, फिर फ्लाईओवर, उसके ऊपर मेट्रो चल रही है। यह स्ट्रक्चर देश में भी दिख रहा है, लेकिन यह परिवर्तन सिर्फ 10 वर्ष में ही हुआ है। भारत सनातन राष्ट्र है। 1947 में आजाद हुआ, अनेक सरकारें आईं। तब सुरक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर, आस्था की बात नहीं होती थी। जाति व चेहरा देखकर योजना का लाभ दिया जाता था पर आज बिना भेदभाव विकास हो रहा है। सबका साथ, सबके विश्वास के साथ कार्य हो रहा है। फोरलेन, सिक्सलेन, फ्लाईओवर व वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर मिल रहा है। यह सब मोदी जी के नेतृत्व में हुआ, लेकिन इसका श्रेय आपको जाता है, क्योंकि आपके वोट ने देश की तकदीर व तस्वीर को बदला है।

सीएम योगी ने कहा कि सात वर्ष पहले यूपी को उपद्रव प्रदेश कहते थे, लेकिन सात वर्ष में यूपी में कोई दंगा नहीं हुआ। दंगा करने वालों को पता है कि ऐसा करने पर उल्टा टांग दिया जाएगा। आज वहां कर्फ्यू नहीं, धूम धड़ाके से कांवड़ यात्रा निकलती है। यूपी से व्यापारी, बेटियां पलायन नहीं करतीं, बल्कि अब माफिया व अपराधी पलायन कर गए। यह सब हम मोदी जी के नेतृत्व में कर पा रहे हैं। आपका वोट सही पार्टी को जाता है तो सुरक्षा और गलत पार्टी को जाता है तो दंगा होता है।

PUBLISHED BY MANOJ KUMAR