क्रिकेट खेलने को टोकने पर पड़ौसी युवक ने की वृद्ध की हत्या

CRIME Uncategorized

अलीगढ(जनमत):  उत्तर प्रदेश के अलीगढ जिले के बन्ना देवी थाना क्षेत्र में पड़ौसी युवक को क्रिकेट खेलने को लेकर टोकना एक वृद्ध को भारी पड़ गया।  आरोपी पड़ौसी युवक ने आज तड़के छत पर सोते समय वृद्ध की ईंट से सिर कुचल कर हत्या कर दी। अपने आपको बचाने के लिए आरोपी खुद ही मृतक के परिजनों को सूचना देने पहुँच गया और कहा कि तीन चोर वृद्ध को छत पर मार कर भागे हैं। परिजनों ने जाकर देखा तो वृद्ध के सिर को कुचल कर उनकी हत्या कर दी गई थी।

परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची  पुलिस ने जब जांच की तो देखा कि आरोपी पड़ौसी युवक के पैरों में खून लगा हुआ था।  पुलिस ने तुरंत उसको हिरासत में ले कर पूछताछ की तो हत्या का सारा भेद खुल गया।  आरोपी पड़ौसी युवक ने ही वृद्ध की ईंट से सिर कुचल हत्या की बात स्वीकार कर ली। बन्ना देवी थाना क्षेत्र की साईं बिहार कॉलोनी में 65 वर्षीय विक्रम सिंह अपने परिवार के साथ रहते थे। कल शाम विक्रम सिंह ने पड़ौस में रहने वाले अभिषेक शर्मा नामक युवक को क्रिकेट खेलने पर टोक दिया था।

(वृद्ध की फ़ाइल् फोटो)

ये बात अभिषेक को नागवार गुजरी। विक्रम सिंह अक्सर अपने घर की छत पर रात को सोते थे। कल रात भी वह खाना खा कर ऊपर सोने चले गए। बाकी परिजन नीचे सो रहे थे। अभिषेक सुबह करीब दो से ढाई बजे के बीच  पड़ौस की छत से विक्रम सिंह की छत पर पहुंचा और सोते हुए विक्रम सिंह की ईंट से कुचल कर हत्या कर दी। उसके बाद वह अपने घर गया और हाथ पैर धोकर करीब तीन बजे अभिषेक ने विक्रम सिंह का दरवाजा आकर खटखटाया। परिजनों के दरवाजा खोलने पर उसने बताया की तीन चोर ऊपर बाबा को मार कर भागे हैं।

परिजन ऊपर छत पर पहुंचे तो उन्होंने देखा की विक्रम सिंह का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था और उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।  मौके पर पहुंची पुलिस ने जब छानबीन की तो बातों से अभिषेक पर कुछ संदेह हुआ। पुलिस ने देखा की अभिषेक के पैरों में भी खून लगा हुआ था।  पुलिस ने तत्काल अभिषेक को हिरासत में ले लिए और उस से सख्ती से पूछताछ की। पुलिस की पूछताछ में अभिषेक ने अपने जुर्म का इकबाल कर लिया।