महिला ने अपने ही पति पर लगाया शोषण का आरोप

CRIME UP Special News

शाहजहांपुर (जनमत):- उत्तर प्रदेश के जनपद शाहजहांपुर में एक महिला ने अपने ही पति पर शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि आरोपी ने उससे  आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद दोनों साथ में भी रहते थे लेकिन अब आरोपी महिला को साथ में न रखने के साथ ही दूसरी शादी की भी धमकी दे रहा है। पीड़िता ने अब न्याय के लिए पुलिस से गुहार लगाई है।

आरोपों के मुताबिक 2019 में पीड़ित महिला ने युवक से आर्य समाज मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद पति और पत्नी दोनों साथ में रहने लगे थे। अचानक एक दिन आरोपी पीड़िता को झांसे में लेकर उसे उसके मायके छोड़ आया। बाद में पीड़िता ने जब दोबारा आरोपी पति से सम्पर्क किया तो वह उसे धमकाने लगा। पीड़िता का आरोप है कि उसका पति अब उसे दूसरी शादी करने की धमकी दे रहा है।

पीड़िता की माने तो आरोपी पति को राजनैतिक संरक्षण प्राप्त है। यही वजह है कि जब वह आरोपी पति की शिकायत लेकर थाने में पुलिस के पास जाती है तो कार्रवाई की जगह पुलिस उसे कोर्ट जाने की बात कहती है। स्थानीय स्तर पर पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की पीड़िता ने जनपद के सबसे बड़े पुलिस अधिकारी की चौखट पर जाकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस अधिकारी ने भी पीड़िता को कार्रवाई का भरोसा दिया है।

Posted By:-Rajeev Shukla