प. बंगाल के बाद अब गुजरात और महाराष्ट्र में चक्रवाती तूफान का खतरा

Exclusive News

महाराष्ट्र और गुजरात (जनमत): पश्चिम बंगाल और ओडिशा में मची अम्फान तूफान से  तबाही के बाद एक और चक्रवाती तूफान का खतरा मंडराने लगा है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र और गुजरात में तूफान की आशंका जताई है। मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और लक्षद्वीप पर कम दबाव का क्षेत्र बना है जो आगे बढ़ते हुए चक्रवाती तूफान में बदल रहा है। यह अगले हफ्ते महाराष्ट्र और गुजरात के तटीय इलाकों तक पहुंच सकता है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने चार जून को महाराष्ट्र और गुजरात के तटवर्ती क्षेत्रों में रेड अलर्ट जारी किया है।

राष्ट्रीय मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 4 जून के लिए तटवर्ती महाराष्ट्र, गोवा और पूरे गुजरात को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। चक्रवाती तूफान के चलते इन क्षेत्रों में भारी बारिश होने की संभावना है। तीन जून के लिए तटवर्ती महाराष्ट्र और गोवा के लिए रेड अलर्ट और गुजरात के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

दक्षिण पूर्व और इससे सटे मध्य पूर्व अरब सागर और लक्षद्वीप क्षेत्र में जो कम दबाव का क्षेत्र बना है वह अगले 24 घंटों में तेज होकर डिप्रेशन में बदलेगा। इसके बाद यह तेज होकर तीन जून तक उत्तर महाराष्ट्र और गुजरात तटों पर पहुंचेगा।