शीतलहर से कांप रहा उत्तर भारत

क्षेत्रीय समाचार

नई दिल्ली(जनमत): पहाड़ों में लगातार हिमपात से पूरा उत्तर भारत कड़ाके की ठंड की चपेट में है। कड़कड़ाती ठंड के चलते कई लोगो की जान चली गई| वहीं कोहरे के कारण यातायात  पर बुरा असर पड़ा है। कई राज्यों में घने कोहरे की वजह से सड़क, रेल और  हवाई यातायात पर बुरा असर पड़ा है।

सर्द हवाओं के बीच कोहरा भी लोगों की परेशानी का सबब बना हुआ है। कोहरे का सीधा असर रेल और हवाई यातायात पर पड़ा है। दिल्ली और बेंगलुरु में में जहां सुबह कई फ्लाइट्स उड़ नहीं पाईं वहीं राजधानी में सड़क पर भी दृश्यता बेहद कम रही। दिल्ली में जबरदस्त कोहरे के कारण एयर क्वालिटी इंडेक्स भी खतरनाक स्तर पर था।

कोहरे की वजह से 13 ट्रेनों का समय बदला गया है वहीं कईं ट्रेनें घंटो लेट चल रही हैं। मौसम विभाग के मुताबिक सात जनवरी तक कोहरे और गलन भरी सर्दी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। अगले दो-तीन दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली में सर्दी और बढ़ेगी। वही शनिवार रात और रविवार की दिन में  पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर में बारिश ने मौसम को और सर्द बना दिया है।