डिप्टी सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट में भ्रष्टाचार

Exclusive News UP Special News

कौशाम्बी(जनमत): उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जनपद में विकास की कड़ी में एक और ओवरब्रिज निर्माणाधीन है। सिराथू के संयारा रेलवे क्रासिंग पर बन रहे इस ओवरब्रिज में जिम्मेदार अधिकारियों की गैर मौजूदगी में पिलर खड़े किए जा रहे हैं और उसके ऊपर स्लैब की ढलाई की जा रही है। 35 करोड़ की लागत से बनने वाले इस पुल में स्थानीय लोगों को भ्रस्टाचार की बू आ रही है।

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के पैतृक जनपद में उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम लिमिटेड द्वारा बनाये जा रहे इस ओवर ब्रिज में आंशका जताई जा रही है कि रोही ओवरब्रिज जैसे इसका भी हाल बेहाल हो सकता है। संयारा ओवर ब्रिज निर्माण कार्य मे लगे मजदूरों की जान भी हमेशा जोखिम में रहती है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्या के पैतृक आवास सिराथू कस्बे में जाम के  झाम से लोगों को निजात दिलाने के लिए संयारा रेलवे फाटक पर उत्तर प्रदेश  सरकार और  रेलवे महकमे द्वारा 35 करोड़ रूपये से भी ज्यादा  लागत का ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य किया जा रहा है।

कार्यदायी संस्था राज्य सेतु निगम द्वारा 2245 करोड़ 73 लाख और रेलवे द्वारा 1261 करोड़ 42 लाख की लागत से 801.425 मीटर लम्बा पुल तैयार किया जा रहा है। कहने को तो राज्य सेतु निगम ने पुल निर्माण देख रेख के लिये परियोजना प्रबंधक,सहायक अभियंता,अवर अभियंता समेत कई अधिकारियों  और कर्मचारियों को लगा रखा है।

पुल का निर्माण कार्य लगभग आधे से अधिक हो चुका है इसके बावजूद अधिकारी मौके पर कम ही दिखाई देते हैं। जेई, एई की गैर मजूदगी में मजदूर पिलर बनाते हैं और पुल के ऊपरी सतह की स्लैब ढालते हैं। पुल निर्माण कार्य मे लगे मजदूर खुद मानते है कि बिना जेई, एई की  मौजूदगी में पिलर और स्लैब की ढलाई नहीं कि जानी चाहिए।

बिना सक्षम अधिकारियों के पुल निर्माण कार्य का खामियाजा जिले के रोही रेलवे  फाटक पर बना ओवर ब्रिज भुगत रहा है। महज दो साल के अंदर रोही ओवर ब्रिज पूरी तरह से क्षति ग्रस्त हो चुका है जिसके चलते पुल पर बड़े बड़े छेद हो गए हैं। मामले में जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा का कहना है वह लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। डीएम ने चेतावनी दिया है निर्माण कार्य मे लगे मजदूरों को सेफ्टी बेल्ट और टोपी के बिना काम करते पाए जाने पर कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति करेंगे।

 मनीष कुमार वर्मा (डीएम)