डॉ. संजीव बालियान ने रचा इतिहास

UP Special News राजनीति

मुजफ्फरनगर(जनमत). उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर डॉ. संजीव बालियान ने लगातार दूसरी बार जीत हासिल करके इतिहास रचा है। मुजफ्फरनगर लोकसभा सीट पर डॉ. संजीव बालियान लगातार दूसरी बार जीतने वाले तीसरे सांसद बन गए हैं। इससे पहले कांग्रेस के सुमत प्रसाद जैन और भाजपा के ही सोहनबीर सिंह लगातार दो बार लोकसभा चुनाव जीते थे।

मुजफ्फरनगर संसदीय सीट पर अब तक हुए लोकसभा चुनावों में भाजपा ने पांचवीं बार अपना परचम लहराया है। अब तक हुए 17 चुनावों में भाजपा के अलावा पांच बार ही कांग्रेस ने जीत हासिल की है, जबकि सीपीआई और जनता पार्टी ने दो-दो बार, जनता दल, सपा और बसपा को एक-एक बार जीत मिली है। 1957 और 1962 के चुनाव में सुमत प्रसाद जैन लगातार दो बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव जीते थे।

इसके अलावा 1996 और 1998 के चुनाव में सोहनबीर सिंह भाजपा से लगातार दो बार सांसद बने। इस बार कांग्रेस ने रालोद मुखिया चौधरी अजित सिंह के मैदान में होने के कारण मुजफ्फरनगर सीट पर अपना प्रत्याशी नहीं उतारा था। भाजपा प्रत्याशी डॉ संजीव बालियान ने राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं महागठबन्धन के प्रत्याशी चौधरी अजित सिंह को हरा कर इतिहास  रचा दिया|