राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने की रामलला का दर्शन

UP Special News

अयोध्या हनुमानगढ़ी में भी किया दर्शन-पूजन, सरयू मैया का किया दुग्धाभिषेक

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल व योगी सरकार के मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने किया स्वागत

अयोध्या/जनमत। महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को अयोध्या में रामलला का दर्शन किया। राष्ट्रपति ने सरयू आरती भी की। इससे पहले उन्होंने सरयू मैया का दुग्धाभिषेक कर पूजन किया। राष्ट्रपति बुधवार शाम करीब चार बजे महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट पर उतरीं जहां पर पहले से ही उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री/अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने महामहिम राष्ट्रपति का फूल माला से भव्य स्वागत करने के लिए खड़े थे।

महामहिम राष्ट्रपति एयरपोर्ट से सीधे हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंची। वहां गद्दीनशीन महंत प्रेमदास व पुजारी हेमंत दास के सहयोग से उन्होंने संकटमोचन हनुमान के श्रीचरणों में अपनी हाजिरी लगाई। हनुमान जी महाराज का दर्शन पूजन कर आरती की और मंदिर की परिक्रमा की। हनुमानगढ़ी दर्शन पूजन के उपरांत राष्ट्रपति ने सरयू तट पर स्थित साकेत होटल में विश्राम कर अल्पाहार किया। वहां से राष्ट्रपति सरयू आरती करने पहुंचीं। राष्ट्रपति ने करीब आधे घंटे तक सरयू का दर्शन पूजन और आरती की। इस दौरान उन्होंने सरयू आरती समिति के अध्यक्ष महंत शशिकांत दास से सरयू की महिमा के बारे में जानकारी प्राप्त की।

तत्पश्चात राष्ट्रपति ने अयोध्या में बने भव्य भगवान श्रीराम मंदिर में प्रभु के बाल स्वरूप का विधि-विधान से दर्शन पूजन कर आरती उतारी। श्रीराम का दीदार कर वे भावविभोर हो गईं। उनके स्वागत में मंदिर परिसर सहित पूरे गर्भगृह को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया था। रामलला का दर्शन पूजन करने के बाद कुबेर टीला पहुंची, जहां उन्होंने कुबेश्वर महादेव का दर्शन-पूजन किया। दर्शन पुजन के उपरांत महामहिम महर्षि वाल्मीकि एयरपोर्ट से सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गई।

 

Report by – Azam Khan

Published by – Manoj Kumar