नगर पंचायत खमरिया के अध्यक्ष की जांच, सामने आया 30 लाख का घोटाला

CRIME UP Special News

भदोही (जनमत) :-  बड़ी और हैरान कर देने वाली खबर जनपद भदोही से है जहां वित्तीय अनियमितता के आरोप में प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने नगर पंचायत अध्यक्ष खमरिया नंद कुमार मौर्य के प्रशासनिक व वित्तीय अधिकार सीज कर दिए हैं। वहीं जिला प्रशासन को वहां प्रशासक नियुक्त करने का निर्देश दिया है।

आरोप है कि नगरीय क्षेत्रों में जरूरी सामानों की खरीद में मनमानी की गई। जैम पोर्टल को भी दरकिनार कर दिया गया। मनमानी इतनी ज्यादा कि 30 लाख से अधिक के टेंडर में जिलाधिकारी की अनुमति अनिवार्य है लेकिन अध्यक्ष ने इसकी भी अवहेलना की। अपने सगे भाई की पत्नी के फर्म से 30 लाख रुपये की डस्टबिन खरीद ली थी। सभासदों की शिकायत पर जांच में सामने आई मनमानी पर पूर्व में सीज चेयरमैन के अधिकार को जिलाधिकारी ने बहाल कर दिया था। हालांकि शासन तक मामला पहुंचने के बाद प्रमुख सचिव नगर विकास अमृत अभिजात ने उनके वित्तीय एवं प्रशासनिक अधिकार सीज कर दिए हैं।

साथ ही चार्जशीट जारी करते हुए 15 दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर आगे की कार्रवाई करने की चेतावनी दी गई है। सभासदों का आरोप है कि 70 लाख के कूड़ेदान और फागिंग मशीन की बिना किसी अनुमति, प्रस्ताव के खरीद की गई है। इसकी जांच उप जिलाधिकारी ज्ञानपुर से कराई गई थी। इसके लिए तीन बार नोटिस जारी कर जवाब भी लिया गया। शासन की ओर से चार बिंदुओं पर आराेप पत्र जारी किया गया है। उसमें अध्यक्ष पर लगे आरोप सिद्ध हुए हैं।

Reported By – Anand Tiwari

Published By – Vishal Mishra