प्राचीन मंदिर से नंदी की प्रतिमा उखाड़ ले गए अराजक तत्व, लोगों में आक्रोश

UP Special News

चंदौली(जनमत):- आदर्श नगर पंचायत चकिया के वार्ड नंबर 6 सहदुल्लापुर मोड स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में लगी नंदी की प्रतिमा को अराजक तत्व शनिवार की रात उखाड़ ले गए। इसकी जानकारी होते ही नगरवासियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। मौके पर लोग इकट्ठा हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने नई प्रतिमा लगवाने व घटना का जल्द से जल्द अनावरण करने का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया।

नगर के मुख्य बाजार स्थित सहदुल्लापुर त्रिमुहानी पर स्थित हनुमान मंदिर नगरवासियों के लिए आस्था का केंद्र है। मंदिर के बाहर संगमरमर की नंदी प्रतिमा स्थापित थी, जिसे बीती रात नशे में धुत असामाजिक तत्व उखाड़ कर अपने साथ ले गए। सुबह मामले की जानकारी होने पर नगर में आक्रोश फैल गया। चकिया कोतवाल मिथिलेश कुमार तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौका-मुआयना किया। वहीं नई प्रतिमा की स्थापना का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। इस संबंध में एएसपी विनय सिंह ने कहा कि मंदिर के बाहर लगी पत्थर की नंदी प्रतिमा की चोरी की सूचना प्राप्त हुई थी। इस पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। जल्द ही घटना का सफल अनावरण किया जाएगा।

Reported By:- Umesh Singh

Posted By:- Amitabh Chaubey