जौनपुर में न्यूज़ चैनल के पत्रकार देवेंद्र खरे को मारी गयी गोली

CRIME UP Special News

जौनपुर  (जनमत):- खबर उत्तर प्रदेश के ज़िला जौनपुर से है | जहाँ जौनपुर में पत्रकार को गोली मारने के मामले में BJP जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह के छोटे भाई ऋतुराज सिंह उर्फ छोटू समेत तीन लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज हुआ है। कल शाम निजी न्यूज़ चैनल के पत्रकार देवेंद्र खरे को कार्यालय में घुसकर बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मारी थी। घायल पत्रकार का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

 आपको बता दें कि रविवार की शाम करीब सात बजे निजी न्यूज चैनल के पत्रकार देवेंद्र खरे लाइन बाजार थाना क्षेत्र के चांदपुर बालू मंडी स्थित अपने कार्यालय पर मित्र के साथ बैठे थे। इसी बीच बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने पहुँचकर फायरिंग शुरू कर दी। गोली मोबाइल को तोड़ते हुए उनके दाहिने हाथ में लगी है।

जिला अस्पताल में इलाज जारी

जानलेवा हमले में लहूलुहान पत्रकार को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। जहाँ उनका इलाज चल रहा है। हालांकि उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

खबरों से नाराजगी को लेकर मारी गयी गोली

पीड़ित पत्रकार के मुताबिक खबरों को लेकर उनके ऊपर जानलेवा हमला किया गया है। देवेंद्र खरे ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र त्रिपाठी व उनके परिवार से ऋतुराज सिंह द्वारा मारपीट करने की खबर उन्होंने दिखाई थी। जिसके लिए जिलाध्यक्ष के छोटे भाई ऋतुराज द्वारा उनके ऊपर दबाव बनाया जा रहा था। इसी को लेकर उन्हें गोली मारी गयी है।

पीड़ित पत्रकार की तहरीर पर लाइन बाजार थाने में जौनपुर के BJP जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह के छोटे भाई ऋतुराज सिंह उर्फ छोटू समेत 3 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307, 506 और 120-B के तहत केस दर्ज हुआ है। पुलिस मामले छानबीन में जुटी है।

Reported By :-  RajNarayan Giri

 

Published By :- Vishal Mishra