पीएम मोदी पूरा कर रहे छत्रपति शिवाजी का “सपना”…

UP Special News

लखनऊ (जनमत):- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि छत्रपति शिवाजी और बाला साहब ठाकरे के सपनों को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी साकार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश जिसे पहले उपद्रव प्रदेश कहा जाता था, आज वहां कानून का राज स्थापित हो चुका है। दंगा करने वाले दंगा करना भूल चुके हैं क्योंकि उन्हें पता है कि दंगा किया तो उलटा लटका दिये जाएंगे। हमने जाति, मत, मजहब, क्षेत्र और भाषा के आधार पर तुष्टिकरण नहीं जनता की संतुष्टि के आधार पर काम किया है। योगी आदित्यनाथ सोमवार को यहां भंडारा-गोंदिया लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी सुनील मेंढे के प्रचार अभियान की कमान संभालते हुए विशाल जनसभा को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि मध्यकाल में जब यह देश मुगल आक्रांताओं की कुदृष्टि से त्रस्त था तो महाराष्ट्र में एक शक्तिपुंज के रूप में छत्रपति शिवाजी महाराज ने हिंदवी स्वराज की स्थापना करते हुए पूरे हिन्दुस्तान को एक नई ज्योति और नई ऊर्जा दी। महाराष्ट्र से निकले उस तेज की आज भी पूरे देश में गूंज है। प्रत्येक भारतवासी के मन में छत्रपति शिवाजी महाराज के प्रति अपार श्रद्धा का भाव है। जब भी भारत में राष्ट्रीयता की बात होती है तो छत्रपति शिवाजी को लेकर हर भारतीय गर्व की भावना से भर जाता है। इसी भाव को जमीनी धरातल पर उतारने के लिए मोदी जी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि होली का पर्व यूपी में बहुत उत्साह से मनाया जाता है। हमारे यहां होली में गांव गांव में गीत गये जाते हैं कि ‘होली खेले रघुबीरा, अवध में होली खेले…’ यानी भगवान राम अयोध्या में होली खेल रहे हैं। 500 साल से अयोध्या में श्रीराम ने होली नहीं खेली। पहली बार इस साल अयोध्या में श्रीराम ने अवध में होली खेली। यही सपना था छत्रपति शिवाजी का। इसी सपने को साकार करने के लिए बाला साहब ठाकरे जी ने पूरा जीवन समर्पित कर दिया था। बाला साहब के सपने को साकार करने के लिए मोदी सरकार काम कर रही है।

PUBLISHED BY:- ANKUSH PAL….