पूर्व बाहुबली सांसद को पुलिस ने किया गिरफ्तार

पूर्व बाहुबली सांसद को पुलिस ने किया गिरफ्तार

CRIME UP Special News

जौनपुर(जनमत):- यूपी में जौनपुर के पूर्व बाहुबली सांसद धनंजय सिंह को अपहरण और धमकी देने के एक मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर पुलिस ने पूर्व सांसद को कोर्ट भेजा जहा सुनवाई के बाद मजिस्ट्रेट ने उन्हें 14 दिन की न्यायायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है।

इससे पहले जल निगम के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिनव सिंघल ने लाइन बाजार थाने में पूर्व सांसद धनंजय सिंह के खिलाफ तहरीर देकर अपहरण और धमकी देने का मामला दर्ज कराया था। दर्ज मुकदमें के आधार पर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। वही इस मामले में गिरफ्तार किये गए पूर्व सांसद ने प्रदेश के राज्यमंत्री गिरीश यादव पर उन्हें फर्जी फसाने का आरोप लगाया है।

पूर्व सांसद का कहना है कि गिरीश यादव को जनता चुनाव में इसका जवाब देगी। मुजफ्फरनगर जनपद निवासी अभिनव सिंहल यहां नमामि गंगे परियोजना के प्रोजेक्ट मैनेजर के पद पर तैनात हैं। शहर में सीवर पाइप लाइन बिछाने के लिए संचालित परियोजना का कार्यालय लाइन बाजार थाना क्षेत्र के पंचहटिया में है। रविवार रात दस बजे अभिनव सिंहल ने थाने में तहरीर दी कि धनंजय सिंह के आदमी विक्रम सिंह और 2 अन्य लोग उन्हें अगवाकर उनके कालीकुत्ती स्थित आवास पर ले गए।

यहां धनंजय सिंह ने पिस्टल के बल पर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर मिलते ही लाइन बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडेय और आधा दर्जन अन्य थानों की टीम ने तड़के 3 बजे धनंजय सिंह के आवास पर दबिश देकर उन्हें और विक्रम सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दर्ज मुकदमें में गिरफ़्तारी के बाद जेल जाने से पहले धनंजय सिंह ने प्रदेश सरकार के राज्य मंत्री गिरीश यादव पर उन्हें फ़साने के लिए साज़िश रचने का आरोप लगाया है।

कोर्ट से निकलते वक्त धनंजय सिंह ने गिरीश यादव पर आरोप लगाया कि  2017 में मंत्री बनने के बाद से ही इन्होंने भ्रष्टाचार किया है। चुनाव में जनता गिरीश यादव को इसका जवाब देगी।

Posted By:- Amitabh Chaubey