आज भारत अपने संतों की शिक्षाओं पर करता है “गर्व”…

UP Special News

अयोध्या (जनमत) :– यूपी के  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोलाघाट स्थित अम्मा जी मंदिर में जगद्गुरु रामानुजाचार्य की 5 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण किया। इस प्रतिमा को स्टेचू ऑफ यूनिटी का नाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के इस धराधाम पर 120 वर्षों बाद रामानचार्य जी की प्रतिमा का अनावरण हुआ। आप सबको बधाई व आभार।उन्होंने कहा कि हम जानते हैं कि भारत दुनिया के अंदर ज्ञान की भूमि है। यहां वेदों की परंपरा का साक्षात दर्शन होता है। वेदों की परंपरा और मंत्र ऋषियों ने उद्घाटित किये। यही भारत की परम्परा है।

संतों-ऋषियों का सानिध्य भारत को प्राप्त हुआ। अद्वैत हो या द्वैत हो ये मंजिल पर पहुंचने के अलग-अलग मार्ग हैं। हमारे संतों ने हमें वो रास्ता दिखाया।मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारतीय मनीषा में ऋषियों ने हमेशा यही कहा, महाजनों येन गतः सपंथा। यही भारत की विराटता है इसीलिए कहा गया एकम सत्य विप्रा बहुदा वदन्ति । वर्षों पहले स्वामी रामानुजाचार्य जी ने आक्रांताओं से बचने के लिए एक द्वैत मार्ग दिखाया। उससे पहले शंकराचार्य जी ने अद्वैत मार्ग हमको दिखाया। ये सभी दर्शन हमको अलग अलग कालखंड में दिखाई दिए।
उन्होंने कहा कि आज भारत अपने संतों की उन शिक्षाओं पर गर्व करता है। कल हम सबने उज्जैन में महाकाल के भव्य रूप का दर्शन किया। इससे पहले हमने काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण देखा। उससे पहले बाबा केदारनाथ के पुनरुद्धार को देखा। उससे पहले हमने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के शिलान्यास को देखा। यही नया भारत है।

PUBLISHED BY:- ANKUSH PAL..