राम नगरिया मेला की तैयारिया

UP Special News

फर्रुखाबाद (जनमत):- उत्तर प्रदेश के जिले फर्रुखाबाद में दस जनवरी को पांचाल घाट पर मेला श्री रामनगरिया का शुभारंभ होगा| जिला प्रशासन की ओर से मेले की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं| यहां एक माह तक साधु-संतों के अलावा श्रद्धालु प्रवास कर कल्पवास करते हैं| इस दौरान गंगा स्नान कर भजन कीर्तन करते है|

पांचाल घाट पर 10 जनवरी से 10 फरवरी तक मेला रामनगरिया लगेगा| मेला प्रशासन की ओर से रामनगरिया में कल्पवासियों की सुविधा के लिए तेजी से कार्य चल रहा है| जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह के अनुसार, मेले स्थल पर लगने वाली दुकानों का अलाटमेंट हो गया है| कुंभ की तरह ही सफाई पर खास ध्यान दिया जाएगा| इसके अलावा हर दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन होगा| वहीं आगरा के ठेकेदार ने बिजली फिटिंग का काम शुरू कर दिया है| बिजली आपूर्ति के लिए दो बड़े जनरेटर भी लगवा दिए गए हैं|

इसके साथ ही हैंडपंप लगना,शौचालय बनने का भी काम शुरू हो गया हैं| टिनशेड से बनाए जाने वाले प्रशासनिक कैंप, डीएम, एसपी के अस्थायी कैंप व सीसीटीवी निगरानी के लिए कैंप कार्यालय लगभग बनकर तैयार हो गए हैं| गंगा क्षेत्र में हरदोई के महंत सर्वेश पुरी, मोहम्मदाबाद के महंत शिवपुरी व गैसिंगपुर मोहम्मदाबाद के महंत दयापुरी ने झोपड़ी डालकर डेरा जमा लिया है| मनोरंजन क्षेत्र में विभिन्न झूलों को लगाने का काम चल रहा है|  इस बार करीब 1600 अस्थायी शौचालय बनवाए जाएंगे|