मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर का निधन… राजकीय शोक घोषित…

देश – विदेश

देश/विदेश (जनमत) :-  भाजपा के वरिष्ठ नेता मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर का लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया. बुधवार सुबह भोपाल के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनकी उम्र 89 वर्ष थी।डॉक्टरों ने बताया कि दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया।वह वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे और वे पिछले 14 दिनों से अस्पताल में वेंटिलेटर सपोर्ट पर थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता गौर 2004-2005 में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे और अपनी परंपरागत गोविंदपुरा विधानसभा सीट से 10 बार चुनाव जीत थे। गौर का जन्म दो जून 1930 को उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में हुआ था। बाबूलाल गौर 23 अगस्त 2004 से 29 नवंबर 2005 तक मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे।

मध्यप्रदेश सरकार ने गौर के निधन के बाद राज्य में तीन दिवसीय शोक की घोषणा की है। वे 1946 में राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से जुड़ गए थे।  गौर आपात काल के दौरान 19 माह की जेल भी काट चुके हैं। गौर पहली बार 1974 में भोपाल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में जनता समर्थित उम्मीदवार के रूप में निर्दलीय विधायक चुने गए थे।1974 में मध्यप्रदेश शासन द्वारा बाबूलाल गौर को गोवा मुक्ति आन्दोलन में शामिल होने के कारण स्वतंत्रता संग्राम सेनानी का सम्मान प्रदान किया गया था। वे शिवराज सिंह चौहान की सरकार में कैबिनट मंत्री भी रहे।