समुद्री सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल पहुचे “श्रीलंका”….

देश – विदेश

 

देश/विदेश (जनमत) :- भारत, श्रीलंका और मालदीव के बीच समुद्री सुरक्षा को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल त्रिपक्षीय वार्ता के लिए शुक्रवार को कोलंबो पहुंचे। श्रीलंका, भारत और मालदीव के साथ शुक्रवार और शनिवार को समुद्री सुरक्षा सहयोग पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों की चौथी त्रिपक्षीय बैठक का आयोजन कर रहा है। छह साल बाद यह बैठक हो रही है ।इससे पहले यह बैठक 2014 में नई दिल्ली में हुई थी।

दरअसल कोलंबो में भारतीय दूतावास ने ट्वीट किया कि भारत-श्रीलंका-मालदीव के बीच समुद्री और सुरक्षा सहयोग पर वार्ता के लिए एनएसए अजित डोभाल कोलंबो पहुंच गए हैं। सैन्य कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सिल्वा शवेंद्र ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।  हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा पर समन्वित कार्रवाई, राहत और बचाव अभियान का प्रशिक्षण, समुद्र में बढ़ते प्रदूषण को लेकर कदम उठाने, सूचनाएं साझा करने, अवैध हथियारों, मादक पदार्थों की तस्करी पर लगाम लगाने जैसे विषयों पर चर्चा होगी। श्रीलंका की सेना ने बताया कि डोभाल और मालदीव की रक्षा मंत्री मारिया दीदी वार्ता में अपने अपने देशों का नेतृत्व करेंगे। बांग्लादेश, मॉरीशस और सेशेल्स के पर्यवेक्षक भी रहेंगे।

Posted By:- Ankush Pal,

Correspondent,Janmat News.