नोकझोंक के बीच पार्टी कार्यालय जा रहे कई सपा नेता हुए गिरफ्तार 

UP Special News राजनीति

लखनऊ (जनमत):-  8 दिसंबर को किसानों के प्रस्तावित भारत बंद का सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी समर्थन किया है। साथ ही सपा प्रमुख ने यह भी एलान किया है कि कन्नौज में ट्रैक्टर चलाकर किसानों के भारत बंद का समर्थन करेंगे। अखिलेश यादव के इस एलान के बाद से ही लखनऊ में सपा कार्यालय और आवास को पुलिस प्रशासन ने छावनी में बदल दिया है।

पुलिस और सपा नेताओं में हुई बहस 
सपा नेताओं की किसी भी तरह की आवाजाही पर रोक लगाने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा रविवार की देर रात से ही पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के आवास और कार्यालय के बाहर बांस – बल्ली और बैरिकेडिंग लगा दी गई थी। अखिलेश यादव अपने आवास या फिर कार्यालय से बाहर न निकल सके इसके लिए बैरिकेडिंग लगाकर चप्पे – चप्पे पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
रविवार रात को ही बैरिकेडिंग लगाई गई 
यहाँ किसी भी सपाई नेता के प्रवेश पर पुलिस ने पूरी तरह से प्रतिबन्ध लगा था। हालांकि पुलिस की तमाम तरह की सख्ती और बंदिशों के बाद भी सपा नेताओं का सोमवार को पार्टी कार्यालय में आना बदस्तूर जारी रहा। सपा नेताओं की आवाजाही के बीच पुलिस ने भी सख्ती दिखाते हुए कई सपा नेताओं को हिरासत में लेकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सपा नेताओं की गिरफ़्तारी के दौरान सपाइयों और पुलिस के बीच काफी नोकझोक भी हुई। सपा नेता राजपाल कश्यप का आरोप है कि योगी सरकार में सपा नेताओं, विधायकों और उनके प्रमुख अखिलेश यादव के साथ अन्याय की जा रहा है। सपा नेता का दावा है कि योगी सरकार सपा प्रमुख अखिलेश यादव से घबरा गई है।
मनोज कुमार, जनमत न्यूज़ – लखनऊ