राम मंदिर को जल्द मिलेगी अनोखी “सौगात”…

UP Special News

एटा :- एटा जिले का जलेसर क्षेत्र पूरी दुनिया में पीतल के घुंघरू  और घंटे के लिए मशहूर है। पहले भी यहां बने घंटे देश के कोने कोने में भेजे गए हैं। अब अयोध्या में बनने वाले भव्य राम मंदिर के लिए भी एक 2100 सौ किलो का घंटा बनाया गया है। इसको हिंदू मुस्लिम कारीगरों ने मिलकर बनाया है । घंटे का निर्माण जलेसर क्षेत्र के एक व्यवसायी परिवार ने कराया है। इस घंटे की कुल कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।

दरअसल हिंदू आस्था के प्रमुख केंद्र भव्य राम मंदिर के निर्माण की बात से तैयारियां जोरो पर हैं, राम मंदिर को लेकर लोगों में अगाध आस्था है। इसी आस्था के तहत लोग अपने अपने तरीके से भगवान राम के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट कर रहे हैं। इसी कड़ी में जलेसर के मित्तल परिवार ने 2100 किलो का घंटा राम मंदिर में लगाने के लिए दान करने की बात कही है। इस घंटे की खास बात यह है कि इसमें गुणवत्तापूर्ण मेटल का उपयोग किया गया है। बताया जा रहा है कि जब यह घंटा बजेगा तो इसकी आवाज 15 किलोमीटर दूर तक सुनाई पड़ेगी। इस पूरे घंटे को बनाने में करीब 20 लाख की लागत लगी है। इसके अलावा इस घंटे को बनाने में इकबाल और दाऊ दयाल नाम के कारीगरों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। करीब 6 फीट की ऊंचाई का यह घंटा लोगों में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है और जब से इसे अयोध्या भेजे जाने की बात सामने आई है तब से इसका महत्व और भी बढ़ गया है, घंटे का निर्माण कराने वाले प्रशांत मित्तल के मुताबिक यह घंटा अयोध्या के राम मंदिर के लिए भेंट किया जाएगा।

Posted By:- Ankush Pal

Reported By:- Nand Kumar, Janmat News, Eta.