UP में रुझानों में बहुमत से आगे पहुंची “भाजपा”… 

UP Special News

लखनऊ (जनमत) :-  विधानसभा के चुनाव के लिए मतगणना जारी है। UP में 260 सीटों पर भाजपा आगे है, सपा को 120 पर बढ़त मिली है। करहल से सपा प्रत्याशी अखिलेश यादव कई हजार वोट से आगे चल रहे हैं। वहीं, गोरखपुर शहर सीट से सीएम योगी ने भी अच्छी बढ़त बनाई हुई है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पीछे चल रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की जोड़ी फिर हिट होती दिख रही है। रुझानों में भाजपा 250 सीटों के पार पहुंच गई है यानी बहुमत के आंकड़े 202 से काफी ज्यादा। हालांकि, पिछली बार के मुकाबले उसे 50 सीटों का नुकसान होता दिख रहा है। वहीं अखिलेश को 66 सीटों का फायदा हो रहा है। कांग्रेस और बसपा दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाई हैं।

गोरखपुर से योगी आदित्यनाथ और करहल से अखिलेश यादव आगे चल रहे हैं। पर, सिराथू में डिप्टी सीएम केशव मौर्य और काशी विश्वनाथ सीट से भाजपा कैंडिडेट नीलकंठ तिवारी पीछे चल रहे हैं।भाजपा छोड़कर सपा में शामिल हुए स्वामी प्रसाद मौर्य फाजिल नगर में 10 हजार वोटों से पीछे हैं। वहां भाजपा के सुरेंद्र कुशवाहा आगे चल रहे हैं।यूपी की सबसे हॉट सीट कैराना पर जेल से चुनाव लड़ रहे सपा के नाहिद हसन पीछे चल रहे हैं और भाजपा की मृगांका सिंह आगे चल रही हैं।

अखिलेश यादव ने शेर ट्वीट किया- इम्तिहान बाकी है हौसलों का, वक्त आ गया है फैसलों का। उन्होंने लिखा कि लोकतंत्र के सिपाही जीत का प्रमाणपत्र लेकर ही लौटें।जसवंत नगर से शिवपाल यादव, गाजीपुर के जहूराबाद से ओम प्रकाश राजभर आगे चल रहे हैं। नोएडा से राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह, कुंडा से राजा भैया आगे चल रहे हैं।अयोध्या से भाजपा प्रत्याशी वेद प्रकाश और मथुरा सीट से श्रीकांत शर्मा आगे चल रहे हैं। रामपुर में आजम खान और स्वार सीट से उनके बेटे अब्दुल्ला आगे चल रहे हैं।लखनऊ के सरोजिनी नगर से भाजपा कैंडिडेट राजेश्वर सिंह ने बड़ी जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि यूपी में भाजपा की सरकार बनेगी और वो एक लाख वोटों से जीतेंगे, पर अभी वे सपा कैंडिडेट से पीछे चल रहे हैं।

PUBLISHED BY:- ANKUSH PAL..