महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सामाजिक सोच का सशक्तिकरण जरूरी : डॉ पुनम शुक्ला

Exclusive News UP Special News

गोरखपुर (जनमत):- गंगोत्री देवी महिला महाविद्यालय के सभागार में 71 वें एनसीसी स्थापना दिवस  के उपलक्ष्य मे देशभक्ति गीतों के साथ रंगारंग  सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। कार्यक्रम का आरंभ माँ सरस्वती पूजन तथा गणेश वंदना से हुआ। कैडिट्स ने देशभक्ति गीतों पर समूह नृत्य किया।

इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि सीमा राय ने छात्राओं को एनसीसी ज्वाइन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा में एनसीसी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एनसीसी की बहुमुखी गतिविधियां और विविध पाठ्यक्रम युवाओं को उनके विकास के लिए अद्वितीय अवसर प्रदान करते हैं। कई कैडेटों ने खेल और रोमांच के क्षेत्र में अपनी उल्लेखनीय उपलब्धियों से राष्ट्र और संगठन को गौरवान्वित किया है। एनसीसी युवाओं को देश के जिम्मेदार नागरिकों में ढालने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है। महाविद्यालय के व्यवस्थापक आशुतोष मिश्र ने अपने उद्बोधन में कहा कि एनसीसी हमें समर्पण एवं त्याग के लिए प्रेरित करताहै।

एनसीसी एक श्रेष्ठतम मंच की तरह उपयोग करके जीवन में आगे बढ़ने की राह है। अनुशासित व्यक्ति ही आगे बढ़ता है, जिसकी शिक्षा एनसीसी में दी जाती है। एनसीसी से आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण, देश प्रेम व साहचर्य की भावना उत्पन्न होती है। इससे देश की सेवा करने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कैडेटों को हरसंभव मदद करने की बात कही।

कार्यक्रम के अंत मे  महाविद्यालय की प्राचार्या 

डॉ पूनम शुक्ला ने सभी आगन्तुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनसीसी हमारे कॉलेज की शान है।  कैडेट्स हर वक्त अनुशासित रहकर कुछ करने की तमन्ना रखते हैं।डॉ शुक्ला ने इस अवसर पर कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सामाजिक सोच का सशक्तिकरण जरूरी है। सामाजिक विकास के लक्ष्य को पाने के लिए महिला सशक्तिकरण बेहद आवश्यक है।हमें अपने बच्चों के कोमल मन में बचपन से ही महिलाओं के प्रति भेदभाव रहित सम्मान का भाव जगाना होगा।

उन्हें महज शिक्षा ही नहीं, बल्कि संस्कृति और संस्कारों का भी ज्ञान देना होगा। अब वक्त आ गया है कि हम महिला सशक्तिकरण से सामाजिक सशक्तिकरण की ओर अग्रसर हों और समाज की संकीर्ण मानसिकता को उखाड़ फेंकें। यह सब कुछ संस्कारपूर्ण शिक्षा व्यवस्था से ही संभव है। कार्यक्रम मे जीसीआई श्रीमती सीमा राय , सुश्री  नीता यादव महाविद्यालय के व्यवस्थापक आशुतोष मिश्र , प्राचार्या डा.पूनम शुक्ला, , उप प्राचार्या डा. प्रियंका त्रिपाठी , नर्सिंग कॉलेज की प्राचार्या लोरिटा याकूब,डॉ आशा पांडेय समेत अन्य शिक्षिकायें व कैडेट अंजू, दिव्या, प्रतिभा,प्रीति, आरती, आराधना, नेहा समेत अन्य छात्रायें उपस्थित थीं। कार्यक्रम का संचालन शालिनी सिह ने किया।

 Posted By:- shanti Bhushan