लखनऊ मण्डल हुआ पूर्णतया विद्युतीकृत

UP Special News

अयोध्या(जनमत):- यात्री सुविधा एवं यात्री यातायात के प्रति पूर्ण समर्पण के साथ अपनी भूमिका का निर्वहन करते हुए उत्तर रेलवे का लखनऊ मंडल निरंतर इस क्षेत्र में नवीन उपलब्धियों के लिए अग्रसर रहता है।इसी क्रम में मंडल द्वारा एक उल्लेखनीय उपलब्धि अर्जित की गयी जिसके तहत मंडल के बाराबंकी-अयोध्या कैंट रेल खंड पर विद्युतीकरण के संपन्न हुए कार्य का मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त एस.के.पाठक द्वारा निरीक्षण किया गया।

                                                                            (एस.के.पाठक मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त)

इस रेलखंड पर मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति के पश्चात लखनऊ मण्डल पूर्णतया विद्युतीकृत हो जायेगा जिससे सम्पूर्ण मंडल पर परिचालन और अधिक सुगम तथा सुविधाजनक हो जाएगा। विदित हो यह रेल खंड लगभग 100 किलोमीटर का है। मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त  एस.के.पाठक द्वारा रसौली से अयोध्या कैंट के मध्य रियर विंडो ट्रेलिंग, बाराबंकी से रसौली के मध्य मोटर ट्राली द्वारा एवं रसौली-सफदरगंज के मध्य लेवल क्रासिंग गेट न.168 का तथा सफदरगंज-दरियाबाद के मध्य स्थित कल्याणी ब्रिज का निरीक्षण किया।

तो वही रुदौली स्टेशन पर पहुँच कर उन्होंने स्टेशन की यात्री-सुविधाओ, फुटओवर ब्रिज, इंजीनियरिंग गैंग न. 48 की कार्यप्रणाली को देखा और आवश्यक निर्देश दिए तथा सलारपुर–अयोध्या कैंट के मध्य कर्व संख्या 77 का गहनता से देखा।

इसके अतिरिक्त मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने अयोध्या कैंट-बाराबंकी के मध्य इलेक्ट्रिक इंजन से 110 किलोमीटर प्रतिघंटा की गति से परिचालन कर रेलवे ट्रैक की संरक्षा व सुरक्षा एवं विद्युतीकरण को जांचते हुए स्पीड ट्रायल किया।इस रेलखंड पर मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति के पश्चात परिचालन और अधिक सुगम तथा सुविधाजनक हो जाएगा।

Posted By:- Amitabh Chaubey

Reported By:- Azam Khan