उत्तर रेलवे में राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह का हुआ आयोजन

UP Special News

लखनऊ (जनमत):- राजभाषा हिंदी के उत्थान, प्रचार-प्रसार एवं इसके अधिकाधिक प्रयोग हेतु अपने कर्मचारियों को  प्रोत्साहन करने करने के लिए उत्तर रेलवे ,लखनऊ मंडल द्वारा 17.10.22 को लखनऊ के मंडलीय कार्यालय के सभागार में राजभाषा पुरस्कार वितरण समारोह एवं हिंदी कार्यान्वयन समिति की बैठक का आयोजन किया गया, जिसमे इस वर्ष संपन्न किये गए राजभाषा पखवाड़ा के पुरस्कार विजेताओं सहित वर्ष पर्यंत हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक, सुरेश कुमार सपरा द्वारा पुरस्कृत करके उनका उत्साहवर्धन किया गया|

ज्ञात हो कि इस वर्ष मंडल पर मनाये जाने वाले राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत राजभाषा सम्बन्धी अनेक गतिविधियों एवं कार्यकलापों को साथ ही हिंदी भाषा से सम्बंधित अनेक अन्य प्रकार की प्रतियोगिताओं एवं विविध कार्यक्रमों को अत्यंत सफलतापूर्वक पूरे मंडल पर आयोजित किया गया, जिसमे मंडल के अनेक अधिकारीगण एवं विभिन्न विभागों ,शाखाओं तथा यूनिटों में कार्यरत कर्मचारियों ने अति उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए थे | इस कार्यक्रम के प्रारम्भ में मंडल वित्त प्रबंधक/ सह राजभाषा अधिकारी, राहुल देव द्वारा सभी का स्वागत करते हुए राजभाषा संबंधी विभिन्न कार्यकलापों एवं गतिविधियों की क्रमबद्ध जानकारी से अवगत कराया गया एवं हिंदी के उत्थान सहित इस भाषा के उत्तरोत्तर विकास हेतु अनेक बिन्दुओं पर चर्चा हुई |

तत्पश्चात मंडल रेल प्रबंधक द्वारा पुरस्कार विजेताओं एवं  निर्णायक मंडल के सदस्यों को पुरस्कृत किया गया I समारोह के इस सुअवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, सुरेश कुमार सपरा ने अवगत कराया कि हिंदी भाषा बोलचाल एवं लेखन की सबसे सरल,सहज एवं सर्वप्रिय भाषा है एवं सम्पूर्ण राष्ट्र को अखंडता , एकता तथा समरसता में पिरोने का सशक्त माध्यम है | उन्होंने इस पखवाड़े के सफलतापूर्ण आयोजन हेतु अपर मंडल रेल प्रबंधक/अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी, वी. एस. यादव एवं मंडल वित्त प्रबंधक/ सह राजभाषा अधिकारी, राहुल देव को बधाई देते  हुए बताया की इस पखवाड़े का असल उद्देश्य रेलकर्मियों सहित आमजनमानस में हिंदी का अधिकतम प्रयोग कर इसका प्रचार–प्रसार करना है |

उन्होंने राजभाषा सम्बन्धी विभिन्न आयोजनों को नियमित रूप से आयोजित करने पर बल देते हुए समस्त सरकारी कामकाज एवं दैनिक जीवन में हिंदी के अधिकतम प्रयोग की अपेक्षा की एवं पुरस्कार विजेताओं को अपनी शुभकामनाएं देते हुए उनको प्रोत्साहित किया I इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक, जयंत कुमार चौधरी एवं अश्विनी श्रीवास्तव सहित समस्त विभागों के विभागाध्यक्ष, विजेता कर्मी  एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे | उक्त जानकारी रेखा शर्मा(वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक) उत्तर रेलवे, लखनऊ के द्वारा प्राप्त हुई|

Posted By:- Amitabh Chaubey