झांसी से अपहृत डॉक्टर पुलिस को “जंजीरों में जकड़ें” हुए मिले…

UP Special News

झांसी (जनमत) :- उत्तर प्रदेश के झांसी से शुक्रवार तड़के लापता हुए एक चिकित्सक अचानक  मुरैना के पास मिले, वहीँ जिस अवस्था में चिकित्सक मिले हैं ये देखकर हर कोई हैरान रह गया है। एक डकैत का ऑपरेशन करने के लिए कुछ डकैत उनको कार में डालकर मुरैना के जंगलों में ले गए थे। शनिवार सुबह करीब 6:00 बजे आंख खुलने पर वह जंजीरों से बंधे थे। किसी तरह जंजीरों से मुक्त होकर वह हाईवे पर पहुंचे। हाईवे पर देखकर पुलिस ने तुरंत अधिकारियों को बताया। इसके बाद पूरा मामला पुलिस को पता चला। झांसी से परिजन व पुलिस की टीम मुरैना के लिए रवाना हो गई है। 

आपको बता दें कि शुक्रवार सुबह सीपरी बाजार क्षेत्र में घूमने के लिए निकले एक चिकित्सक लापता हो गए। दोपहर बाद तक घर न लौटने पर पत्नी ने अपहरण की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। उनकी आर्य कन्या चौराहा के पास क्लीनिक है। शुक्रवार सुबह 5.30 बजे वह रोज की तरह घूमने के लिए निकले। सुबह 9 बजे तक वह घर नहीं पहुंचे। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया, लेकिन नंबर स्विच ऑफ बताने पर सभी चिंतित हो गए। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र के संगम विहार कॉलोनी में डॉक्टर आर के गुरुबक्शानी (62) परिवार समेत रहते हैं। फिलहाल पुलिस मामले में कार्यवाही कर रही है.

Posted By:- Ankush Pal…