बैंड-बाजे के साथ निकाली गई बन्दर की शव यात्रा

UP Special News

फतेहपुर(जनमत):-  यूपी के फतेहपुर जिले में जानवरों के प्रति ग्रामीणों ने मानवता की एक बेमिसाल नजीर पेश की है। यहां बीमार बंदर की मौत हो गई। उसके बाद ग्रामीणों ने जो किया उसकी चर्चा पूरे जिले में हो रही है। लोगों ने बैंड-बाजे के साथ बड़े धूमधाम से मंत्रोच्चारण के बीच बंदर की शव यात्रा निकाली। अंतिम यात्रा में आधा सैकड़ा से अधिक ग्रामीण शामिल हुए। हिंदू रीति रिवाज के साथ बंदर का अंतिम संस्कार किया गया। वही अंतिम संस्कार करने के बाद लोगों ने कहा कि बंदर का 13वीं संस्कार भी हिंदू रीति रिवाज से किया जाएगा।

फतेहपुर जिले के ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे में बंदर की बुधवार को मौत हो गई। जिसके बाद ग्रामीणों ने बंदर के अंतिम संस्कार का निर्णय लिया और जानवर के प्रति प्रेम व्यक्त करते हुए बैंड-बाजे के साथ कस्बे के विभिन्न मार्गों से होते हुए बड़े धूमधाम से बंदर की शव यात्रा निकाली गई। इस दौरान सभी धार्मिक प्रक्रियाओं का पालन कर नम आंखों से ग्रामीणों ने बंदर को अंतिम विदाई दी।

आपको बता दें की ललौली थाना क्षेत्र के बहुआ कस्बे में करीब एक महीना पहले जंगल से एक बंदर आ गया था। बंदर कस्बा स्थित लोगों के घरों की छतों पर घूमता रहता था। बताया जा रहा है कि एक दिन बंदर एक छत पर बेसुध पड़ा था और सांसे चल रही थी। यह देख मकान मालिक ने आस पड़ोस के लोगों को इसकी जानकारी दी। जिसके बाद पहुंचे लोगों ने बंदर के बीमार होने की जानकारी पशु चिकित्सक को दी और बीमार बंदर का करीब एक महीने तक इलाज चलता रहा लेकिन ठीक ना हुआ और उसकी मौत हो गई।

Reported By- Bheem  Shankar 

Published By- Ambuj Mishra