15 सितम्बर को शपथ ले सकते हैं उत्तराखण्ड के नए राज्यपाल

15 सितम्बर को शपथ ले सकते हैं उत्तराखण्ड के नए राज्यपाल

क्षेत्रीय समाचार

उत्तराखंड(जनमत):- उत्तराखंड के नए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह 15 सितंबर को  शपथ ले सकते हैं। हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश राघवेंद्र सिंह चौहान उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। राजभवन की ओर से उनके शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां की जा रही हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह को चीन मामलों का विशेषज्ञ माना जाता है। वे करीब चार दशकों तक सैन्य सेवा के बाद फरवरी 2016 में सेवानिवृत्त हुए। राज्यपाल के सचिव बीके संत के मुताबिक हालांकि नए राज्यपाल के शपथ ग्रहण को लेकर अभी तिथि तय नहीं है, लेकिन यह संभावना जताई जा रही है कि 15 सितंबर को वे शपथ ले सकते हैं।

लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने अंतरराष्ट्रीय सैन्य अभियानों में अहम भूमिका निभाई है। सीमा से जुड़े मसलों और सैन्य विषयों पर वार्तालाप के लिए सात बार से ज्यादा वह चीन के दौरे कर चुके हैं। इसी सिलसिले में वह दो बार पाकिस्तान का भी दौरा कर चुके हैं।
वह ईरान में संयुक्त राष्ट्र संघ (यूएनओ) के प्रेक्षक भी रह चुके हैं। ईरान-ईराक सीमा पर उनका काम शानदार रहा है।

Posted By:-Amitabh Chaubey

Reported By:- Rohit Goyal