गाय की शव यात्रा निकालने पर मुकदमा दर्ज

UP Special News

अलीगढ़ (जनमत):- लॉकडाउन में लोगों को गाय की शव यात्रा निकालना भारी पड़ गया। अलीगढ़ के जवा थाना क्षेत्र के गांव मेमड़ी में कल एक गाय की शव यात्रा निकालने पर महिला व पुरुष सहित करीब डेढ़ सौ लोगों के खिलाफ पुलिस ने  मुकदमा दर्ज किया है।। शव यात्रा में करीब 100 महिलाएं व 50 पुरुष शामिल हुए थे जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुआ था। जिसके बाद थाना जवां पुलिस ने कार्यवाही करते हुए मामला दर्ज किया है।

दरअसल गांव मेमड़ी के रहने वाले दिनेश चंद शर्मा की गाय की कल मौत हो गई थी। ग्रामीणों ने गाय के अंतिम संस्कार की योजना बनाई। शव यात्रा निकालने का फैसला भी लिया गया। गाय की शवयात्रा चली तो उसके पीछे करीब 150 लोग वहां शामिल थे। गांव के ही किसी व्यक्ति ने लॉक डाउन में गाय की शव यात्रा निकालने का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। पुलिस को भी सूचना मिली। सूचना पर पहुंची थाना जवां पुलिस ने गाय के शव को जेसीबी से गड्ढा करा कर दफन कराया और शव यात्रा में शामिल गाय मालिक दिनेश चंद शर्मा सहित करीब 150 महिला और पुरुष के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

अलीगढ़ के सीओ सिविल लाइन अनिल समानिया ने बताया कि थाना जवां क्षेत्र में एक गांव मेमड़ी है। वहां पर एक गाय की मृत्यु हो गई थी जिसको गांव वालों ने शव यात्रा के रूप में निकाला। करीब 150 महिला पुरुष उसमें शामिल हुए शव यात्रा में और उसका जाकर अंतिम संस्कार कराया। इस पर थाना जवां में एफ आई आर दर्ज कर ली गई है।

Posted By:-Ajay Kumar