गोरखपुर रेलवे स्टेशन से चोरी 14 माह के बच्चे को जीआरपी ने चार दिन में किया बरामद

CRIME UP Special News

गोरखपुर (जनमत):- यूपी के गोरखपुर रेलवे स्‍टेशन से चार दिन पहले चोरी हुए 14 माह के बच्‍चे को जीआरपी ने बरामद कर लिया है| चार दिन पहले फिरोजाबाद की रहने वाली महिला ने जीआरपी गोरखपुर को तहरीर दी थी कि उसे नींद आने के बाद एक अनजान महिला ने उसके 14 माह के बच्‍चे को चोरी कर लिया और फरार हो गई है| जीआरपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोजबीन शुरू की और सर्विलांस की मदद से चार दिन के प्रयास के बाद बिहार के छपरा की रहने वाली बच्‍चा चोर महिला और उसके बेटे को गिरफ्तार कर‍ उसके बाद से बच्‍चे को बरामद कर लिया है|

गोरखपुर के एसपी रेलवे डॉ अवधेश सिंह ने शुक्रवार को घटना का खुलासा किया| उन्‍होंने बताया कि 24 जुलाई को हेमा नाम की महिला ने जीआरपी थाने को सूचना दी कि उसके 14 माह के बच्‍चे जिसका नाम मृदल है, उसे एक अज्ञात महिला लेकर चली गई| इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अभियोग पंजीकृत कर लिया गया| ये ब्‍लांइड किडनैप रहा है| इस घटना में अज्ञात महिला और अन्‍य आरोपियों का न तो कोई पहचान, फोटो और न ही मोबाइल नंबर रहा है| इसके साथ ही बच्‍चे का भी कोई फोटो नहीं रहा है|

इसमें दो टीमों को गठित किया गया. इसमें सर्विलांस की भी टीम को लगाया गया| महिला और परिजनों से भी पूछताछ किया गया| उसने बताया कि वो फिरोजाबाद से चली, तो वहां से गुवाहाटी चली गई थी| गुवाहाटी से नरकटियागंज चली गई| नरकटियागंज में आनंद विहार लिखी ट्रेन मिली. तो वो ट्रेन खाली थी. वो डरकर ट्रेन से उतर गई. इसके बाद एक आंटी गोरखपुर तक उसके साथ आई थी| उन लोगों ने पता किया, तो जानकारी मिली कि आनंदविहार एक्‍सप्रेस रक्‍सौल में खाली होती है|

इस आधार पर 25 जुलाई को एक टीम रक्‍सौल के लिए रवाना कर दिया गया| वहां पर एक वेंडर मिला| उसने बताया कि इस महिला को उसने नाश्‍ता-पानी खिलाया था| उसके साथ एक गीता मद्धेशिया नाम की महिला थी| जिनका पता वो जानता है| इस आधार पर उनकी टीम छपरा गई| यहां से दूसरी टीम को भी छपरा के लिए रवाना किया गया| वहां पुलिस की मदद ली गई| जब उसके घर पर दबिश दिया, तो वहां पर न बच्‍चा मिला और न गीता मद्धेशिया मिली| लेकिन उसका मोबाइल नंबर मिल गया| उसे ट्रेस किया गया, तो पता चला कि वो लोग को‍लकाता की ओर जा रहे हैं|

एक टीम को वहां से कोलकाता कि लिए रवाना किया गया| इसके बाद पता चला कि ये लोग वापस आ रहे हैं| 28 जुलाई यानी आज सुबह कप्‍तानगंज में बिहार के छपरा के टाउननगर थानाक्षेत्र के दहियावा की रहने वाली 48 वर्षीय गीता मद्धेशिया और उसके पुत्र 21 वर्षीय राहुल उर्फ सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया| उनके पास से पुलिस ने फिरोजाबाद के खैरगढ़ थानाक्षेत्र के नगला भवानी के रहने वाले नरेन्‍द्र बघेल की पत्‍नी हेमा के गायब पुत्र 14 माह के मृदुल को बरामद कर लिया|

Posted By:- Amitabh Chaubey

Reported By:- Ajit Singh