मंडलीय कार्यालय में राजभाषा पत्रिका “सारंग” का विमोचन

UP Special News

लखनऊ(जनमत):- गुरूवार को उत्तर रेलवे, लखनऊ के मंडलीय कार्यालय में मंडल पर प्रकाशित होने वाली राजभाषा पत्रिका ‘सारंग’ के प्रथम अर्धवार्षिक अंक का विमोचन मंडल रेल प्रबंधक, सुरेश कुमार सपरा के कर कमलों द्वारा संपन्न किया गया | मंडल में कार्यरत समस्त रेलकर्मियों को राजभाषा के अधिकाधिक प्रयोग, प्रचार एवं प्रसार करने हेतु उनको प्रोत्साहित करते हुए उनके द्वारा इस पत्रिका में लेख, कहानी, काव्य एवं अन्य स्तंभों के प्रकाशन हेतु सभी को आमंत्रित किया जाता है तथा इस पत्रिका में रोचक एवं ज्ञानवर्धक सामग्री के समावेश पर विशेष बल दिया जाता है, ताकि पाठकगण इससे लाभान्वित हो सकें |

इसके अतिरिक्त नियमित रूप से एवं विभिन्न अवसरों पर राजभाषा संबंधी विविध प्रकार के कार्यकलापों द्वारा राजभाषा के प्रचार-प्रसार एवं इसके अधिकाधिक प्रयोग की दिशा में अनेक बिन्दुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए अनेक प्रकार की गतिविधियों एवं कार्यकलापों के आयोजन का भी प्रावधान किया गया है |

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक, सुरेश कुमार सपरा ने अवगत कराया कि अपनी सरलता ,सुबोधता एवं सरसता के कारण हिंदी सर्वप्रिय एवं लोकप्रिय भाषा है | उन्होंने यह भी बताया कि मंडल द्वारा प्रशासनिक कार्यो के संपादन में हिंदी के अधिकतम प्रयोग के प्रति कर्मियों को प्रेरित एवं जागरूक करते हुए अनेक प्रकार की गतिविधियों को नियमित रूप से आयोजित करते हुए मंडल हिंदी भाषा के प्रचार प्रसार की दिशा में पूर्ण निष्ठा के साथ संकल्पित है |

इस अवसर पर अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं अपर मंडल रेल प्रबंधक/तृतीय , वीरेंद्र सिंह यादव, राहुल देव , मण्डल वित्त प्रबंधक/सह राजभाषा अधिकारी, एन.आर. एम. यू. के मंडल अध्यक्ष विभूति मिश्रा , मंडल मंत्री आर. के. पाण्डेय सहित राजभाषा विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे | उक्त जानकारी रेखा शर्मा(वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उत्तर रेलवे, लखनऊ) के द्वारा प्राप्त हुई|

Posted By:- Amitabh Chaubey