रेलवे ने महिला दिवस पर “महिलाओं” को दिया ख़ास “तोहफा”..

Exclusive News UP Special News

लखनऊ (जनमत):- 8 मार्च को अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर देश और दुनिया में नारी शक्ति को सलाम किया जाता है। दुनिया के हर क्षेत्र में महिलाओं के प्रति सम्मान, प्रशंसा और प्यार प्रकट करते हुए उनकी हर क्षेत्र में स्थापित  उपलब्धियों को याद किया जाता है| आज महिलाएं घर-परिवार और बाहर की सभी जिम्मेदारी को पूर्णता से निभा रही हैं।  वही कुछ महिलाएं तो ऐसी हैं जिन्होंने अपने करियर के रूप में ऐसे काम को चुना जो महिलाओं के लिए किसी चुनौती से कम नहीं था।

इसी कड़ी में हम बात कर रहे है पूर्वोत्तर रेलवे ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाने की विशेष पहल की है। जिस के अन्तर्गत आठ मार्च को महिलाएं ही एक पूरी ट्रेन चलाएंगी। ट्रेन के संचालन से लेकर सिग्नल, टिकट, सुरक्षा और स्वच्छता की जिम्मेदारी महिला कर्मियों के हाथों में ही होगी। मतलब लोको पायलट, सहायक लोको पायलट, गार्ड, कोच कंडक्टर, टिकट निरीक्षक, टिकट परीक्षक, कोच अटेंडेंट, सफाईकर्मी और सुरक्षाकर्मी महिलाएं ही होंगी। ट्रेन को महिलाकर्मी ही सिग्नल देंगी।

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मण्डल में महिला सशक्तिकरण की दिशा में पहल करते हुए गोरखपुर जं0 से बस्ती स्टेशन के बीच चलाई गयी मालगाड़ी का पूर्ण रूप से संचालन महिलाकर्मियों द्वारा किया गया। उक्त मालगाड़ी को महिला लोको पायलट समता कुमारी एवं महिला सहायक लोको पायलट श्रृणि श्रीवास्तव एवं महिला गार्ड  जागृति त्रिपाठी द्वारा परिचालित किया गया। आप को बता दे कि 08 मार्च  को अंतराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जाता है| महिला दिवस के परिप्रेक्ष्य में महिला सशक्तिकरण के प्रयासों को सुदृढ़ करने के लिए एवं जागरूकता हेतु लखनऊ मण्डल में विभिन्न कार्यक्रम सम्पन्न किये जा रहे है।

जिसके अन्र्तगत महिला सशक्तिकरण विषय पर मण्डल कार्यालय, लखनऊ में वाद-विवाद प्रतियोगिता तथा डीजल शेड, गोण्डा में सेमिनार का आयोजन किया जायेगा। इसी क्रम में 07 मार्च को  बादशाहनगर स्थित मण्डल चिकित्सालय में सेमिनार का आयोजन किया जायेगा। वही 08 मार्च को गोण्डा स्टेशन परिसर में महिलाओं के नेतृत्व में प्रभात फेरी का आयोजन, लखनऊ जं0 स्टेशन पर महिला जागरूकता संदेश पर आधारित नुक्कड़ नाटक का आयोजन तथा बादशाहनगर स्टेशन पर महिला सशक्तिकरण पर आधारित पोस्टर प्रतियोगिता, रंगोली प्रतियोगिता, तथा पौधारोपण आदि का आयोजन किया जायेगा। 08 मार्च  को बादशाहनगर स्टेशन का पूर्ण संचालन महिला रेल कर्मियों द्वारा किया जायेगा तथा गोरखपुर – नौतनवा के मध्य सवारी गाड़ी सं0 55141 के संचालन की कमान महिला कर्मियों के हाथों सौपा जायेगा।

वही जब हमारी बात पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ पंकज कुमार सिंह से हुई तो उन्होंने कहा कि महिला दिवस पर विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। इसके तहत महिला कर्मियों के नेतृत्व में ट्रेन चलाने की तैयारी शुरू हो गई है। पूर्वोत्तर रेलवे में महिलाओं के लिए दस मार्च तक अन्य विशेष कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

Posted By:- Amitabh Chaubey