नये भारत, श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर भारत और विकासित भारत का ब्लू प्रिंट है संकल्प पत्र – योगी

UP Special News

लखनऊ (जनमत):- मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश का गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी शक्ति ही भारतीय जनता पार्टी के संकल्प पत्र के चार आधार हैं। उन्होंने कहा ये संकल्प पत्र मोदी की गारंटी है, जिसमें हमने विकसित भारत बनाने की प्रतिबद्धता को दोहराते हुए भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक युद्ध की भी उद्घोषणा की है। उन्होंने यूपी में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए नया नारा देते हुए कहा कि ‘‘80 बनेगा आधार, एनडीए 400 पार, फिर एक बार मोदी सरकार।’’ यह बातें सीएम योगी पार्टी कार्यालय में मीडिया को संबोधित करते हुए कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि संविधान शिल्पी बाबा साहब भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कर कमलों से अपना संकल्प पत्र जारी किया है। इसकी पहली चार प्रतियां देश के चार सामाजिक स्तंभों का प्रतिनिधित्व करने वाली हैं।

ये हैं गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी (ज्ञान)। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल राजनीतिक दल मात्र नहीं है, बल्कि यह भारत के विजन को मिशन मानकर प्रभावी ढंग से लागू करने के 140 करोड़ जनता की आकांक्षा बन चुकी है। आज देश का जो भी एंबीशन है वह पीएम मोदी का विजन बन चुका है और हमारे लिए वही मिशन है। इस देश को मोदी की गारंटी पर विश्वास है।

सीएम योगी ने कहा कि संकल्प पत्र में मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत योजना, उज्ज्वला योजना, आवास योजना सहित तमाम गरीब कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखने और और उनके दायरे को बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई है। संकल्प पत्र में नेशन फर्स्ट के भाव के साथ विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को दोहराया गया है। उन्होंने कहा कि आजादी के अमृत काल का ये पहला चुनाव है, जिसमें आत्मनिर्भर और विकसित भारत की संकल्पना को लेकर चुनाव लड़ा जा रहा है। देश की अस्मिता, सुरक्षा, आस्था और अर्थव्यवस्था को लेकर मोदी की गारंटी इस संकल्प पत्र का आधार बना है।

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हमारा संकल्प पत्र नये भारत, श्रेष्ठ भारत, आत्मनिर्भर भारत और विकासित भारत का ब्लू प्रिंट है। ये भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक युद्ध का की उद्घोषणा के साथ ही अन्त्योदय से सर्वाेदय और ग्लोबल लीडर भारत के संकल्प को भी दोहराता है। ये संकल्प पत्र जिन-जिन सेक्टर्स का प्रतिनिधित्व करता है वो मोदी की गारंटी पर आधारित हैं। ये पहला आम चुनाव है जिसके प्रमाण के बारे में आश्वस्ती का भाव पूरे देश में मिल रहा है। लोगों को मोदी जी की गारंटी पर विश्वास है। विकसित भारत की आकांक्षाओं का आधार ये संकल्प पत्र बनेगा।

Published by – Manoj Kumar