पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को धमकी देने का वीडियो हुआ वायरल

CRIME UP Special News

अलीगढ़(जनमत):- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल  कल्याण सिंह के खिलाफ एक युवक ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो वायरल किया है। उसने कल्याण सिंह समेत अन्य पिछड़ी जाति के नेताओं को गोलियों से छलनी करने तक की धमकी दे डाली। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही कल्याण सिंह के समर्थकों में नाराजगी है। पुलिस ने पूरे मामले पर एफ आई आर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वायरल वीडियो के मुताबिक युवक खुद को उच्च जाति का बता रहा है जिसमें श्रवण समाज को एक होकर आरक्षण का विरोध करने का आह्वान कर रहा है।

वीडियो बनाने वाला यहीं नहीं रुका वह कहता है कि कल्याण सिंह जैसे नेताओं की सुरक्षा 24 घंटे के लिए  हटा दी जाए तो गोलियों से छलनी कर दूंगा। जागो सवर्णों जो नेता तुम्हारी बात न करते हो उनका बहिष्कार करो। पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो वायरल करने वाले और धमकी देने के मामले में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के सोशल मीडिया सेल की ओर से सिविल लाइन थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी की पहचान श्याम के तौर पर हुई है। वह कहां का रहने वाला है और क्या करता है इस संबंध में अभी जांच चल रही है।

उधर कल्याण सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने के मामले पर लोधी समाज में नाराजगी है। लोधी समाज के उपाध्यक्ष धर्मवीर सिंह लोधी का कहना है कि सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल किया गया है उसमें वह अपने आपको ब्राह्मण बता रहा है। ऐसा देश में कोई ब्राह्मण नहीं है जिसकी ऐसी सोच हो। कुछ लोग होते हैं जो बड़े-बड़े लोगों का नाम लेकर अपने आप को प्रसिद्ध करते हैं। जिनका कोई वजूद नहीं होता। सुनने में आया है कि वह एमपी का रहने वाला है। वह उत्तर प्रदेश में घुस नहीं सकता। यहां पर भी सरकार अपनी और मध्य प्रदेश में भी सरकार अपनी है।

हम लोग संयम से काम लेते हुए सरकार को यह कहा है कि ऐसे दिमाग वाले व्यक्ति को पकड़ कर जल्दी से जल्दी गिरफ्तार कर उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए,अन्यथा लोधी समाज अपने आप में इतना सक्षम है कि इस को उसके घर से निकालकर जो सजा देना चाहे वह सजा देगा। अलीगढ़ के एसपी सिटी अभिषेक ने बताया कि ट्विटर पर राम राम भक्त आईडी से पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह जी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी व जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस संबंध में थाना सिविल लाइन्स में सोशल मीडिया प्रभारी द्वारा मुकदमा दर्ज कराया गया है। जानकारी की जा रही है। विवेचना में कार्यवाही की जाएगी।

Posted By:-Ajay Kumar