खाने को लेकर हुए विवाद में ग्राम विकास अधिकारी की हुई हत्या

UP Special News

गाजीपुर (जनमत न्यूज) :- गाजीपुर में सदर कोतवाली क्षेत्र के कालिका ढाबे पर खाने को लेकर हुए विवाद में ग्राम विकास अधिकारी विजय यादव (26) की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। विजय यादव जौनपुर के डोभी विकास खंड में तैनात थे। आपको बतादें कि ग्राम विकास अधिकारी विजय यादव अपने दोस्तों के साथ नगर कोतावली के तुलसीपुर स्थित कालिका ढाबे पर जन्मदिन मनाने गए थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों से विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई। इसमें विजय यादव व उनके बड़े भाई सोम यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और विजय को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी भेजवाया, जहां उसकी मौत हो गई, जबकि सोम की हालत गंभीर बनी हुई है। जानकारी होने के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। विजय यादव जौनपुर के चंदवक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात थे। नायब तहसीलदार पद से सेवानिवृत्त महेंद्र यादव के पुत्र वीडीओ विजय यादव का बुधवार को जन्मदिन था। वहीं जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ढाबे के तीन कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पुलिस के अनुसार ढाबे पर कई बोतल फूटे हुए मिले हैं। कोतवाल विमल कुमार मिश्रा ने बताया कि तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। अभी तक तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।

Posted By – Manoj Kumar