आप सांसद हैं..आपको “शर्म” नहीं आती …

देश – विदेश

देश/विदेश(जनमत):– अपने विवादित बयानों के कारण चर्चा में रहने वाली भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर एक बार फिर चर्चा में हैं। उनका एक वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें उन्हें फ्लाइट में सवार यात्रियों के गुस्से का सामना करना पड़ा। वायरल हो रहे वीडियो में भोपाल से भाजपा सांसद साध्वी प्रज्ञा जब एक निजी कंपनी के विमान से दिल्ली से भोपाल आ रही थीं तब उन्हें यात्रियों ने जमकर खरीखोटी सुनाई।

वायरल वीडियो में भाजपा सांसद से एक व्यक्ति शिकायत भरे लहजे में कहता है कि  आप तो जनता की प्रतिनिधि हैं। आपका काम हमें परेशान करना नहीं है। आप अगली फ्लाइट लेकर आ जाइए।’ आपको समझना चाहिए कि अगर आपकी वजह से एक आदमी भी परेशान हो रहा है तो आपको इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए क्योंकि आप एक नेता हो। आपको इस बात की शर्म नहीं है कि 50 लोगों को आपने परेशान किया है. शर्म शब्द पर साध्वी प्रज्ञा ने आपत्ति जताते हुए सही शब्दों के प्रयोग की हिदायत दी।  बता दें कि दिल्ली से भोपाल जाने वाली स्पाइजेट की फ्लाइट में सीट को लेकर साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की क्रू मेंबर से बहस हो गई थी। जिसके बाद वह सीट की मांग को लेकर विमान में ही धरने पर बैठ गईं। इस दौरान फ्लाइट में सवार यात्रियों ने साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ अपने गुस्से का इजहार किया।

Posted By :- Ankush Pal