सीमा पर भारतीय सेना ने पाकिस्तान को दिया करार “जवाब”…

देश – विदेश

देश/विदेश (जनमत) :- पाकिस्तान को भारतीय सेना ने करार जवाब देते हुए  करीब 10 पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया है. वहीँ इस दौरान  सेना ने उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिले बारामुला के उड़ी सेक्टर में अपने साथी की शहादत का 48 घंटे से भी कम समय में बदला लेते हुए जवाबी कार्रवाई में छह पाकिस्तानी सैनिकों को मार गिराया। गुरुवार रात भारतीय सेना ने पाक के चार सैनिक पुंछ और राजौरी जिले के विभिन्न सेक्टरों में जवाबी कार्रवाई में मार गिराए। वहीं दो पाक सैनिकों को गुरुवार दोपहर उड़ी सेक्टर में मार गिराया था।  पाकिस्तान की ओर से गुरुवार को लगातार दूसरे दिन भी एलओसी पर उड़ी सेक्टर और पुंछ-राजौरी में गोलाबारी की गई। सुबह साढ़े नौ बजे सेना की अग्रिम चौकियों के साथ ही सिलिकूट, चुरंडा और आस-पास के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोले दागे गए।

सेना ने भी पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का मुंहतोड़ जवाब दिया। इसमें पाकिस्तान के छह सैनिक मारे गए। कुछ पोस्ट को भी नुकसान पहुंचा है। एक दिन बाद गोलाबारी शुरू होते ही ग्रामीण घरों में दुबक गए। प्रशासन का कहना है कि पूरी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। जरूरत पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा। इसके लिए वाहन तथा एंबुलेंस तैयार रखे गए हैं। गोलाबारी से इन इलाकों के लोगों में काफी दहशत का माहौल बना हुआ है। ज्ञात हो कि बुधवार को पाकिस्तानी गोलाबारी में एक जेसीओ शहीद हो गए थे। चुरंडा गांव में एक महिला की भी मौत हुई थी।

POSTED BY :- ANKUSH PAL