दहेज प्रताड़ना से आहत आयशा ने साबरमती में कूदकर दी जान…

देश – विदेश

देश/विदेश (जनमत):- देश में महिलाओं को दहेज़ के चलते अपनी  ज़िन्दगी से हाथ धोना पड़ता हैं और दहेज़ लोभी इसके लिए पूरी तरह से जिम्मेदार भी हैं,  जिनपर विधिक कार्यवाही होनी भी चाहिए, इसी कड़ी में गुजरात के अहमदाबाद जिले में साबरमती नदी में 25 फरवरी को आयशा बानू मकरानी ने कूदकर अपनी जान दे दी। पुलिस को इस आत्महत्या मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुजरात पुलिस ने सोमवार को राजस्थान के पाली से आयशा के फरार पति आरिफ खान को गिरफ्तार कर लिया है। आयशा ने नदी में कूदने से पहले एक वीडियो संदेश रिकॉर्ड किया था। वीडियो में आयाशा ने पति पर उसका शोषण करने का आरोप लगाया था। आयशा का 2018 में आरिफ खान से निकाह हुआ था। पुलिस ने आयशा के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार साबरमती रिवरफ्रंट वेस्ट पुलिस के इंस्पेक्टर वीएम देसाई ने बताया है कि आरिफ को पाली से गिरफ्तार कर लिया गया है।

इससे पहले पुलिस की एक टीम उसके जालोर स्थित घर पर गई थी लेकिन वह वहां नहीं मिला था। इसके बाद तकनीक की मदद लेकर आरोपी को पाली से पकड़ा गया है। अब उसे मंगलवार को ट्रांजिट रिमांड पर अहमदाबाद लाया जाएगा। जालोर के पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह का कहना है कि पूरा ऑपरेशन गुजरात पुलिस का था। जालोर पुलिस ने हमारा पूरा सहयोग किया है।आयशा अहमदाबाद के रिलीफ रोड पर स्थित एसवी कॉमर्स कॉलेज में इकोनॉमिक्स से एमए कर रही थी। इसके अलावा वो निजी कंपनी में काम करती थी। छह जुलाई, 2018 को उसकी आरिफ से शादी हुई थी। आरिफ की तरफ से शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना देने के बाद आयशा 10 मार्च, 2020 से पति से अलग अपने घर पर रह रही थी। 25 फरवरी आयशा ने मरने से पहले दो मिनट के वीडियो संदेश में अपने पिता लियाकत अली मकरानी से अपील की थी कि वह उसके पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की रिपोर्ट दर्ज न करवाएं। हालाँकि मामले में अभी भी जांच जारी हैं और कार्यवाही चल रही है.

PUBLISHED BY:- ANKUSH PAL…

SPECIAL DESK.