न्यूनतम आय गारंटी भी गरीबी हटाओ और अच्छे दिन की तरह जुमला – मायावती

UP Special News क्षेत्रीय समाचार देश – विदेश

लखनऊ (जनमत) :  मायावती कांग्रेस पर लगातार हमलावर है। उन्होंने राहुल गांधी की न्यूनतम आय गारंटी योजना को नकली योजना बताया है। मायावती ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष की लोकसभा चुनाव से पहले यह घोषणा लोकलुभावन है। कांग्रेस की इस घोषणा से देश चकित व आशंकित है।

भाजपा की केंद्र सरकार विदेश से कालाधन वापस लाकर देश के हर गरीब को 15-20 लाख रुपया देकर उनकी गरीबी को दूर करने की घोषणा कर चुकी है। उनका वादा तो छलावा व वादाखिलाफी ही साबित हुआ है। अब कांग्रेस भी उस लाइन पर है।

बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष तथा उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष को इस तरह की घोषणा करने से पहले अपने शासित राज्यों में लागू करके दिखाना चाहिए था। पहले उनको इस तरह की कोई घोषणा करने से पहले मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़ व पंजाब में लागू करना चाहिए थे। कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी को इस प्रकार की कोई घोषणा करने से पहले सोचना चाहिए कि वह केवल छलावा व हवा-हवाई नहीं लगे बल्कि उन्हें विश्वास हो कि राज्यों में सफलतापूर्वक लागू होने के बाद देश में भी सभी जगह इनका सफल संचालन हो सकता है। मायावती ने कहा कि वैसे भी तो विश्वसनीयता के मामले में कांग्रेस तथा भाजपा दोनों ही सरकारों का रिकार्ड ऐसा अच्छा नहीं रहा है कि जनता इन पर आसानी से विश्वास कर ले।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कल छत्तीसगढ़ में किसान आभार रैली को संबोधित करते हुए ऐलान किया कि हम एक ऐतिहासिक फैसला लेने जा रहे हैं, जो दुनिया की किसी भी सरकार ने नहीं लिया है। 2019 का चुनाव जीतने के बाद देश के हर गरीब को कांग्रेस पार्टी की सरकार न्यूनतम आमदनी की गारंटी देगी। हर गरीब व्यक्ति के बैंक खाते में न्यूनतम आमदनी रहेगी।