मध्यप्रदेश में भोपाल, सीहोर समेत 29 जिलों में आज बारिश को लेकर रेड अलर्ट

Uncategorized

नई दिल्ली (Janmat News): मौसम विभाग ने गुरुवार को मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, ओडिशा, तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मध्य प्रदेश में भोपाल, सीहोर समेत 29 जिलों में बारिश का रेड अलर्ट है। महाराष्ट्र में अब तक 2.5 लाख और कर्नाटक में 26 हजार लोगों को रेस्क्यू किया गया। दोनों राज्यों में बाढ़ राहत कार्यों के लिए 1 हजार सैन्यकर्मी तैनात हैं। अकेले पश्चिमी महाराष्ट्र में पिछले सात दिन में 16 लोगों की मौत हो गई। कर्नाटक और आंध्र प्रदेश की कई नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

कर्नाटक के 15 जिलों में बाढ़ जैसे हालात

भारी बारिश के कारण गुरुवार तड़के तमिलनाडु के कोयंबटूर रेलवे स्टेशन पर हादसा हो गया। यहां रेलवे पार्सल सर्विस बिल्डिंग गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन से ज्यादा जख्मी हैं।

कर्नाटक में भारी बारिश के कारण 15 जिलों में बाढ़ के हालात बन चुके हैं। बाढ़ में अब तक मरने वालों की संख्या 7 हो चुकी है। कृष्णा और उसकी सहायक नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। कई जगहों पर रेल और सड़क का संपर्क टूट गया है। यहां के बाढ़ प्रभावित इलाकों से भारतीय नौसेना के जवान 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले गए।

महाबलेश्वर ने चेरापूंजी को पीछे छोड़ा

महाराष्ट्र के महाबलेश्वर ने लगातार दूसरे साल बारिश के मामले में मेघालय के चेरापूंजी को पीछे छोड़ दिया। इस साल 1 जून से 6 अगस्त तक महाबलेश्वर में 5755 मिमी बारिश हुई। वहीं सबसे ज्यादा बारिश के लिए मशहूर चेरापूंजी में 5184 मिमी बारिश हुई। यानी महाबलेश्वर से 571 मिमी कम।

मध्य प्रदेश के इन जिलों में 6-7 सेमी बारिश के आसार

भोपाल, सीहोर, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, होशंगाबाद, हरदा, बैतूल, गुना, अशोकनगर, अनूपपुर, डिंडोरी, उमरिया, शहडोल, कटनी, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, सिवनी, सागर, दमोह, अलीराजपुर, झाबुआ, बड़वानी, धार, नीमच, मंदसौर, श्योपुरकलां।

मुंबई: जाम से निपटने के लिए रेलवे स्पेशल ट्रेन चलाएगा

उधर, भारी बारिश के कारण मुंबई में चरमराई ट्रैफिक व्यवस्था से यात्रियों को निताज दिलाने के लिए रेलवे स्पेशल ट्रेन चलाएगा। सेंट्रल रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि गुरुवार से अगले तीन दिन तक मिराज से कराड के बीच ट्रेन चलेगी। शहर में बारिश के बाद कराड, सांगली, मिराज और पंढरपुर में जलभराव के चलते लंबा ट्रैफिक जाम लगा है।

केरल के इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड में रेड अलर्ट

बारिश को लेकर केरल के इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड के लिए रेड अलर्ट, जबकि त्रिशूर, पलक्कड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड के लिए ऑरेंज अलर्ट है। केरल के तट से सटे इलाकों में पश्चिम दिशा की ओर से 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। इस कारण मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है।

 

 

Posted By: Priyamvada M