टिकट जांच में एनईआर ने बनाया अनोखा रिकार्ड, सालभर में 130 करोड़ वसूले

UP Special News

गोरखपुर (जनमत):- पूर्वोत्तर रेलवे ने बीते वित्तीय वर्ष में एक अनोखा रिकॉर्ड कायम किया है| बीते वित्‍तीय वर्ष में एनई रेलवे के इतिहास का सर्वाधिक जुर्माना वसूला गया है| पूर्वोत्‍तर रेलवे ने 130 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूला है| जो एक वित्‍तीय वर्ष में वसूला गया सर्वाधिक जुर्माना की रकम है| इसके साथ ही 10 ऐसे ही टीटीई की सूची जारी की गई है, जिन्होंने एक वित्तीय वर्ष में 1 करोड़ रुपए से अधिक का जुर्माना वसूल किया है| खास बात यह है कि इनमें से दो टीटीई ऐसे भी हैं, जिन्होंने दो करोड़ का आंकड़ा भी पार कर लिया है| दावा है कि भारतीय रेल के इतिहास में किसी एक टीटीई द्वारा एक वित्तीय वर्ष में वसूली गई सबसे बड़ी रकम है|

पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि वैध यात्रियों की सुविधा को ध्‍यान में रखते हुए पूर्वोत्‍तर रेलवे की ओर से लगातार अभियान चलाया जाता है| इसी क्रम में पूर्वोत्‍तर रेलवे ने इस वित्‍तीय वर्ष में 130 करोड़ रुपए का जुर्माना वसूल किया है| उन्‍होंने बताया कि पूर्वोत्‍तर रेलवे के इतिहास में ये किसी एक वित्‍तीय वर्ष में वसूली गई, ये सर्वाधिक रकम है| इसके साथ ही इस वर्ष 1 करोड़ रुपए से अधिक जुर्माना वसूलने वाले 10 टीटीई की लिस्ट जारी की गई है|

उन्होंने बताया कि इसमें दो टीटीई ऐसे हैं, जिन्होंने 2 करोड़ रुपए से अधिक की इंडिविजुअल जुर्माना वसूली की है| इनमें रिजवानुल्लाह पहले स्थान पर हैं| उन्होंने एक वित्तीय वर्ष में 2 करोड़ 1 लाख 14 हजार 80 रुपए का जुर्माना वसूला है| जुर्माना वसूली में दूसरे नंबर पर जगप्रीत सिंह हैं| उन्होंने 2 करोड़ 1 लाख 9 हजार 700 रुपए की वसूली की है| दावा है कि भारतीय रेल में पहली बार किसी टीटीई ने व्‍यक्तिगत रूप से 2 करोड़ रुपए जुर्माना वसूली के आंकड़े को पार किया है|

पूर्वोत्तर रेलवे ने बीते वित्तीय वर्ष में 18.53 लाख बेटिकट यात्रियों से 130 करोड़ रुपए की आय अर्जित की है| पिछले साल 110 करोड़ रुपए की जुर्माना वसूली हुई थी| पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से जारी की गई सूची में सर्वाधिक जुर्माना वसूलने वाले सभी टीटीई को संयुक्त रूप से 50 हजार का पुरस्कार पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक चंद्रवीर रमण के हाथों प्रदान किया जाएगा| उन्होंने बताया कि इस अभियान के दौरान वे टिकट यात्रियों के अलावा बगैर बुक सामान के भी 15 हजार से अधिक मामले पकड़े गए हैं| जिनसे 40 लाख रुपए का रेल राजस्व प्राप्त हुआ है|

Posted By:- Amitabh Chaubey

Reported By:- Ajit Singh