“मंदिर या मस्जिद” की नहीं हो रही है देश की “खोदाई”…

UP Special News

लखनऊ (जनमत) :- राज्यसभा चुनाव के लिए सपा रालोद गठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी के तौर पर नामांकन करने के बाद रालोद प्रमुख चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि आज जनता को मुद्दों से भटकाया जा रहा है। खासतौर से खोदाई कराने के नाम पर। उन्होंने कहा कि खोदाई वास्तव में देश की हो रही है मंदिर या मस्जिद की नहीं।उन्होंने कहा कि हमें तय करना होगा कि हम एक साथ मिलकर रह सकते हैं या नहीं। हमें ज्ञान की बात करनी चाहिए ना कि ज्ञानवापी की। यहां तो विधानसभा के नीचे भी खोदोगे तो कुछ ना कुछ निकलेगा। यह जमाना विज्ञान का है।

उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दे पीछे रह गए हैं । भाजपाई अपने वादे पूरे नहीं कर रहे हैं। भाजपा चुनाव में व्यस्त रहती है। ये लोग सरकार कब चलाते हैं पता नहीं।यूपी के बजट में खेती के लिए 2.8 प्रतिशत आवंटन किया गया है। 14 दिन में गन्ना भुगतान करने का वायदा पूरा नहीं हुआ। कहा गया था कि पांच साल बिजली का बिल नहीं आएगा। इन वादों का क्या हुआ हम राज्यसभा में पूछेंगे।जयंत ने सपा अध्यक्ष को धन्यवाद दिया और कहा कि हम उनके विश्वास पर खरा उतरेंगे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में 75 नहीं बल्कि पूरे देश में भाजपा 75 सीटें जीतेगी।

PUBLISHED BY:- ANKUSH PAL..