राम मंदिर निर्माण को लेकर अलग- अलग तरीके से सहयोग कर रहे राम भक्त

UP Special News

अयोध्या (जनमत):- अयोध्या भगवान राम की जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण को लेकर विश्व के सनातन धर्मावलंबियों में उत्साह है। भगवान राम में श्रद्धा रखने वाले कई दानदाता राम जन्मभूमि के विकास और राम मंदिर निर्माण को लेकर अगल- अगल तरीके से सहयोग कर रहे हैं| हैदराबाद के एक राम भक्त ने रामलला के दर्शनार्थियों के लिए विशेष सुविधा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। अब राम जन्मभूमि में दर्शन करने आने वाले लोगों को अत्याधुनिक मशीनों से पका भोजन उपलब्ध होगा| ऑटोमेटिक रोटी मेकर, वेजीटेबल कटर और पके भोजन को सुरक्षित रखने वाली हॉटकेस मशीन श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को समर्पित की गई है। वर्षों के संघर्ष के बाद रामलला का भव्य भवन राम जन्मभूमि पर बन रहा है| मंदिर की भव्यता में कोई कमी न रहे इसके लिए लगातार श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट प्रयास कर रहा है|

देश के जाने माने वास्तुविद, इंजीनीयर, रिसर्च स्कालर और वैज्ञानिकों की सलाह, देश के संतों और आमजन के सुझाव के आधार पर राम जन्मभूमि पर कार्य हो रहा है| वहीं मंदिर निर्माण को लेकर उत्साहित राम मंदिर समर्थक भी अपना हर संभव सहयोग देने से नहीं चूक रहे है| हैदराबाद निवासी राम भक्त चल्ला श्रीनिवास शर्मा अपने परिवार के साथ सोमवार को अयोध्या पहुंचे| यहां उन्होंने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भोजन बनाने की आधुनिक मशीन दान दी है| दरअसल चल्ला श्रीनिवास पूर्व में रामलला को एक किलो चांदी की ईंट समर्पित कर चुके हैं| अब उन्होंने अयोध्या राम जन्मभूमि दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के भोजन का प्रबंध करने वाले उपकरण देने का संकल्प लिया है|  शुरुआत में उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट को एक रोटीमेकर, वेजीटेबल कटर और हॉटकेस समर्पित किया| छल्ला श्रीनिवास अपने साथ मेकेनिक भी लेकर अयोध्या आए|

जिन्होंने सभी मशीनों को डेमो भी दिखाया और ट्रस्ट के पदाधिकारियों के समक्ष मशीनों को ऑपरेट करने की भी जानकारी दी| इन सभी मशीनों की कीमत 6 लाख 50 हजार बताई जा रही है। चल्ला श्रीनिवास शर्मा की ओर से श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र को समर्पित मशीनों को वैदिक रीति से कारसेवक पुरम में स्थापित किया गया| श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ0 अनिल मिश्र ने बताया कि इससे पहले चल्ला श्री निवास रामलला को 1 किलोग्राम वजन की चांदी की ईंट समर्पित कर चुके हैं| जब वे चांदी की ईंट दान करने अयोध्या पहुंचे थे तभी अयोध्या में श्रद्धालुओं के लिए भोजन बनान के उपकरण दान करने की उन्होंने इच्छा व्यक्त थी| अपनी इच्छा के अनुरुप उन्होंने रोटी मेकर, वेजीटेबल कटर और हॉटकेस उपलब्ध कराया है| डॉ0 अनिल मिश्र ने बताया कि भविष्य में भी आवश्यकता के अनुरूप भोजन बनाने के उपकरण उपलब्ध कराने और हर संभव सहायता देने की बात चल्ला श्रीनिवास ने कही है।

Posted By:- Amitabh Chaubey

Reported By:- Azam Khan